Rohtak Food Safety Raid: त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही बाजार में मिलावटी मिठाइयों, जहरीले खोए और सिंथेटिक पनीर का काला कारोबार पैर पसारने लगता है। इसी पर लगाम कसने के लिए रोहतक में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कमर कस ली है। मंगलवार को शहर के कच्चा बेरी रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ कई दुकानों पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान एक दुकान में गंदगी के बीच रखा गया 80 किलो घटिया खोया जब्त किया गया, जिसे टीम ने तुरंत नष्ट करवा दिया।
गंदगी के बीच बन रहा था मावा, 80 किलो खोया कराया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी डॉ. लक्ष्मी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जब कच्चा बेरी रोड स्थित मिठाइयों और डेयरी की दुकानों की जांच शुरू की, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। एक दुकान में बेहद खराब स्थिति में खोया रखा हुआ था, जहां न तो साफ-सफाई का कोई इंतजाम था और न ही खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। मावे से बदबू आ रही थी। विभाग की टीम ने बिना कोई देरी किए मौके पर ही गड्ढा खुदवाया और करीब 80 किलो खराब खोए को मिट्टी में दबवाकर पूरी तरह से नष्ट करवा दिया, ताकि इसे बाजार में खपाया न जा सके।
लैब भेजे गए सैंपल, 48 घंटे में आ सकती है रिपोर्ट
डॉ. लक्ष्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम को कच्चा बेरी रोड पर बड़े पैमाने पर नकली खोया और पनीर बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। टीम ने विभिन्न दुकानों से दूध, पनीर और खोया के कई सैंपल सील किए हैं। उन्होंने बताया कि नियमानुसार लैब से रिपोर्ट आने में 40 दिन का समय लगता है, लेकिन त्यौहारी सीजन की संवेदनशीलता को देखते हुए अब विशेष व्यवस्था के तहत 48 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। यदि किसी भी दुकान के सैंपल में मिलावट या हानिकारक केमिकल पाए गए, तो संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दुकान को पूरी तरह सीज कर दिया जाएगा।
त्यौहारी सीजन में ग्राहक बरतें विशेष सावधानी
कार्रवाई के दौरान डॉ. लक्ष्मी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे त्यौहारों के समय मिठाइयां और डेयरी उत्पाद खरीदते वक्त विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि लोग केवल उन्हीं दुकानों से खरीदारी करें जहां साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता हो। इसके साथ ही उन्होंने सलाह दी कि बहुत सस्ती या संदेहास्पद दिखने वाली मिठाइयों और पनीर को खरीदने से बचें, क्योंकि यह सेहत के लिए बेहद जानलेवा साबित हो सकता है।
यह भी देखें – कुरुक्षेत्र में लिफ्ट देकर 80 साल की बुजुर्ग महिला से लूट, कान फाड़कर ले गया सोने की बालियां

