Rohtak Rape Case: हरियाणा के रोहतक जिले से सामने आए चार साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न के जघन्य मामले में रोजाना नए और दिल दहला देने वाले खुलासे हो रहे हैं। बच्ची से ‘डिजिटल रेप’ के आरोप में गिरफ्तार सगे माता-पिता की पुलिस रिमांड अवधि 21 अक्टूबर को खत्म हो रही है। इस दौरान पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने आरोपियों को उनके आवास पर ले जाकर उस कमरे और जगह की निशानदेही करवाई, जहां मासूम के साथ इस हैवानियत को अंजाम दिया गया था।
स्कूल पर झूठा मढ़ना चाहा था दोष
मामले का खुलासा महम डीएसपी तनुज शर्मा की देखरेख में बनी एसआईटी की करीब डेढ़ महीने की कड़ी मशक्कत के बाद हुआ। दरअसल, आरोपी पिता ने 16 सितंबर को खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूल में एक बच्चे ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की है। हालांकि, जांच टीम को जब पिता के बयानों में झोल नजर आया और सीडब्ल्यूसी (CWC) के जरिए बच्ची की काउंसलिंग कराई गई, तो पूरी साजिश की परतें उधड़ती चली गईं। पुलिस पूछताछ में बच्ची की मां टूट गई और उसने कबूल किया कि अगस्त महीने की शुरुआत में उसके पति ने ही बेटी के साथ गंदी हरकत की थी।
मां की खामोशी ने बनाया मुजरिम
जांच में सामने आया है कि जब पिता इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे रहा था, तब बच्ची की मां सब कुछ देखते हुए भी चुप रही। बाद में जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, तो अपनी करतूतों पर पर्दा डालने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी पिता ने पूरा ड्रामा रचा और स्कूल प्रबंधन को कटघरे में खड़ा करने का कुत्सित प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घर से कई फोरेंसिक और भौतिक साक्ष्य कब्जे में लिए हैं, जो अदालत में आरोपियों को सख्त सजा दिलाने में अहम साबित होंगे।
अब CWC की देखरेख में होगी बच्ची की परवरिश
बाल कल्याण समिति (CWC) के अध्यक्ष एडवोकेट सतीश कौशिक ने बताया कि मासूम बच्ची को फिलहाल बाल भवन की सुरक्षित निगरानी में रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दुखद घटना के बाद बच्ची की सुरक्षा, पढ़ाई-लिखाई और भविष्य की परवरिश का पूरा जिम्मा अब सीडब्ल्यूसी के माध्यम से उठाया जाएगा। वहीं लाखनमाजरा थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, 21 अक्टूबर को रिमांड खत्म होने पर आरोपियों को पुनः कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस मामले से जुड़ी अंतिम जांच रिपोर्ट साझा करेगी।
यह भी देखें – यमुनानगर में विदेश भेजने के नाम पर 17.50 लाख की ठगी, यूके स्टूडेंट वीजा के नाम पर पिता को ठगा

