Rohtak Student Blackmail: सोशल मीडिया की आभासी दुनिया किस कदर नाबालिगों के लिए जानलेवा जाल बनती जा रही है, इसकी खौफनाक बानगी रोहतक में देखने को मिली है। रोहतक के महम थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाने और फिर लगातार ब्लैकमेल कर जेवर ऐंठने का संगीन मामला सामने आया है। आरोपी की अंतहीन धमकियों से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने परिजनों को रो-रोकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद महम सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कैफे में नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर मिटाई हवस, अश्लील वीडियो बनाकर शुरू किया खेल
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, महम की एक कॉलोनी निवासी छात्रा की फरवरी 2026 में इंस्टाग्राम पर इमलीगढ़ निवासी एक युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी तो मार्च महीने में आरोपी ने छात्रा को रोहतक के डी-पार्क स्थित ‘D-3 कैफे’ में मिलने बुलाया। आरोप है कि वहां युवक ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
जब छात्रा बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घिनौनी करतूत के न्यूड वीडियो व फोटो अपने मोबाइल में कैद कर लिए। होश आने पर जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसका मुंह बंद करा दिया।
मार्च से मई तक कई बार किया दुष्कर्म, डर दिखाकर घर से मंगवाए सोने के जेवर
पीड़िता का आरोप है कि अश्लील वीडियो का खौफ दिखाकर आरोपी उसे मार्च, अप्रैल और मई महीने में लगातार ब्लैकमेल करता रहा। वह उसे कैफे और दिल्ली बाइपास के पास स्थित होटलों में ले जाकर दरिंदगी करता रहा। इतना ही नहीं, वीडियो डिलीट करने और मामला दबाने के एवज में आरोपी ने छात्रा पर सोने के जेवर लाने का दबाव बनाया।
डर के साए में जी रही छात्रा ने पहली बार अपने ही घर से सोने के कड़े, चेन, लॉकेट, अंगूठियां और बालियां चोरी कर मानसरोवर पार्क में आरोपी को सौंप दीं। इसके बाद अगस्त महीने में फिर धमकी देकर उसने छात्रा की ताई के घर से भी सोने के जेवर मंगवा लिए।
हद से पार हुआ जुल्म तो पड़ोसी के घर की चोरी, कॉलेज आते-जाते भी करता रहा तंग
आरोपी की लालच और दरिंदगी की हदों का अंत यहीं नहीं हुआ। सितंबर महीने में आरोपी ने फिर से सोने की मांग रख दी। खौफजदा छात्रा ने इस बार अपने पड़ोसी के घर से सोने के जेवर चुराकर मानसरोवर पार्क में ले जाकर आरोपी के हवाले कर दिए।
इसके बावजूद जब आरोपी का पेट नहीं भरा और वह कॉलेज आते-जाते समय रास्ते में रोककर और सोना लाने के लिए ब्लैकमेल करने लगा, तो छात्रा हिम्मत हार गई। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी दास्तान बयां कर दी। महम सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश और मामले की जांच तेज कर दी है।

