Sachin Pilot Punjab Tour : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 16 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान, वह उन परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने गैंगवार से जुड़ी हिंसा में अपने परिजनों को खो दिया है। इस दौरे का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित परिवारों से जुड़ना, उनके दुख को समझना और उनके साथ पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करना है।
अपने पांच दिवसीय दौरे के दौरान, सचिन पायलट मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर का दौरा करेंगे। गुरुवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में एक ‘मजबूत टीम’ के रूप में उतरेगी और राज्य में ‘‘100 प्रतिशत’’ अगली सरकार बनाएगी क्योंकि लोग बदलाव चाहते हैं।
इसके साथ ही पायलट ने राज्य में पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा पेश किए जाने की संभावना से भी इनकार किया और कहा कि चुनाव जीतने के बाद यह तय होगा कि किसको क्या जिम्मेदारी दी जानी है। उन्होंने कहा कि जनता से जनादेश मिलने के बाद कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं और विधायकों की राय सुनेगी और उसके बाद इस बारे में अंतिम फैसला करेगी कि पंजाब का नेतृत्व कौन करेगा।
परगट ‘सबको साथ लेकर चलने वाला कप्तान’: पायलट
पायलट ने पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह को ‘‘सबको साथ लेकर चलने वाला कप्तान’’ बताते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान ने राज्य के लगभग सभी नेताओं से संपर्क किया है और सभी ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया है। उनका कहना था, ‘‘हम एक टीम के रूप में मिलकर काम कर रहे हैं। मैंने कुछ दिन पहले परगट सिंह से कहा था कि ‘आप ऐसे कप्तान हैं, जिनके पास शानदार टीम है और कप्तान उतना ही मजबूत होता है, जितनी उसकी टीम।’
इसलिए टीम के अंतिम एकादश के खिलाड़ी काफी मजबूत हैं।’’ पायलट ने कहा, ‘‘हमारे पास (प्रताप सिंह) बाजवा, (सुखजिंदर) रंधावा, (चरणजीत) चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जैसे नेता हैं, जो अनुभवी हैं और जमीनी स्तर पर उनकी गहरी पकड़ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी केवल मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निर्भर है, जबकि उसके बाकी नेताओं पर लगभग कोई चर्चा ही नहीं है।’’
‘जुझारू’वड़िंग पंजाब चुनाव में निभाएंगे अहम भूमिका: पायलट
सचिन पायलट ने प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को ‘जुझारू नेता’ बताते हुए कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह ‘‘बहुत महत्वपूर्ण भूमिका’’ निभाएंगे। उन्होंने वड़िंग को ‘‘बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा नेता’’ बताते हुए कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।
पायलट ने कहा कि वड़िंग ने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन कई बार संगठन में बदलाव जरूरी होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राजा वड़िंग को 20 साल से जानता हूं। वह बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा नेता हैं। जब हमारे पास केवल 15-16 विधायक थे और परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं, तब उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने में मदद की। चार साल से अधिक समय तक उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की।’’
अमरिंदर की घर वापसी! राजनीति में कुछ भी संभव: पायलट
सचिन पायलट ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी में वापसी की अटकलों के बीच कहा है कि ‘‘राजनीति में कुछ भी संभव है।’’उन्होंने अमरिंदर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब की खूब सेवा की है और वह ‘‘बहुत ऊंचे कद के नेता’’हैं। हालांकि, पायलट ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अमरिंदर सिंह से उनके भविष्य की राजनीतिक योजनाओं या किसी पार्टी में शामिल होने अथवा उसे छोड़ने के बारे में व्यक्तिगत रूप से कोई बातचीत नहीं की है।
अमरिंदर की ‘‘घर वापसी’’ की संभावना पर पायलट ने कहा, ‘‘जहां तक कैप्टन साहब का सवाल है, मैं उन्हें बहुत छोटी उम्र से व्यक्तिगत रूप से जानता हूं और मैंने उनके साथ मिलकर काम भी किया है। इस विशेष मुद्दे पर मेरी उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है लेकिन जैसा कहते हैं, राजनीति में कुछ भी हो सकता है। कौन जानता है?’’ पायलट ने कहा कि उन्हें अमरिंदर सिंह की हालिया टिप्पणियों के बारे में पता है, लेकिन उनका उनसे इस बारे में कोई संवाद नहीं हुआ कि वह किसी पार्टी में शामिल होने या भाजपा छोड़ने को लेकर क्या सोच रहे हैं।
राजा वड़िंग के घर पहुंचे सचिन पायलट
सचिन पायलट ने गुरुवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस संबंध में राजा वड़िंग ने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी शेयर करते हुए लिखा कि मेरे आवास पर सचिन पायलट जी से मुलाकात हुई। हमने पंजाब के मुद्दों और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए रोडमैप व रणनीति पर सार्थक चर्चा की।
मुझे पूरा विश्वास है कि पायलट साहब का व्यापक राजनीतिक अनुभव बहुत मददगार साबित होगा और हम सब मिलकर आगामी चुनावों में पंजाब कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे।

