हरियाणा। अपने गानों और डांस से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली हरियाणवी स्टार सपना चौधरी की निजी जिंदगी से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। सपना ने अपने पति वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का संगीन आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दायर की है। सपना चौधरी का आरोप है कि शादी के बाद से उनके पति ने उनके साथ कई बार मारपीट की और सार्वजनिक जगहों पर भी उनके साथ बदसलूकी और हंगामा किया। हालात इस कदर बिगड़ गए कि सपना को अपना घर तक छोड़ना पड़ा।
कोर्ट ने वीर साहू पर लगाई पाबंदी
इस मामले की शुरुआती सुनवाई के दौरान सपना चौधरी के वकील ने अदालत के सामने कई पुख्ता सबूत पेश किए। इनमें मारपीट के बाद आई चोटों की तस्वीरें, ऑडियो रिकॉर्डिंग्स और कुछ वीडियो फुटेज शामिल थे। न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने इन तमाम इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्यों पर गौर करने के बाद मामले को गंभीर माना। अदालत ने वीर साहू को समन जारी करने के साथ ही सपना को अंतरिम राहत दे दी है। नए आदेश के मुताबिक, वीर साहू अगली सुनवाई तक न तो सपना से कोई संपर्क कर सकते हैं और न ही उनके घर या कार्यस्थल पर जा सकते हैं।
फिल्म ‘मोमाकू’ की रिलीज से पहले सुरक्षा की मांग
सपना चौधरी की तरफ से अदालत में पैरवी कर रही वकील प्रीति सिंह ने दलील दी कि अभिनेत्री की नई फिल्म ‘मोमाकू’ का प्रीमियर बेहद करीब है। ऐसे में उन्हें अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर भारी डर सता रहा है। याचिका में आशंका जताई गई है कि वीर साहू फिल्म के प्रीमियर या प्रमोशनल इवेंट्स के दौरान मौके पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर सकते हैं, जिससे सपना के करियर और गरिमा को ठेस पहुंच सकती है। कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार करते हुए स्थानीय पुलिस और प्रोटेक्शन ऑफिसर को सख्त निर्देश दिए हैं कि सपना चौधरी की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।
चार साल के रिश्ते में आई दरार, मायके में ले रखी है शरण
सपना चौधरी और वीर साहू के बीच का यह विवाद अब खुलकर दुनिया के सामने आ गया है। इस समय सपना अपनी ससुराल छोड़ चुकी हैं और दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में स्थित अपने मायके में रह रही हैं। आपको बता दें कि करीब 4 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद सपना और वीर साहू ने साल 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। इस शादी से दोनों के दो बेटे हैं—पोरस (जन्म 2020) और शाहबीर (जन्म 2024)।
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं सपना
सपना चौधरी सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश के मनोरंजन जगत में एक बहुत बड़ा नाम हैं। ‘बिग बॉस 11’ के जरिए देश भर में सुर्खियां बटोरने वाली सपना ने हाल के सालों में स्टेज शोज से आगे बढ़कर फिल्मों और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा है। घरेलू हिंसा के इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब दोनों पक्षों की दलीलें और अगली कानूनी कार्रवाई 25 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई के दौरान तय होगी।

