Sirsa News: हरियाणा के सिरसा शहर से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। पूर्व सांसद अशोक तंवर की कोठी के नजदीक और सेक्टर-19 के एंट्री रोड पर स्थित जाने-माने कारोबारी एवं ओएचएम मालिक पंकज खेमका की कोठी को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया है।
इस सनसनीखेज वारदात को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर में हाल ही में कामकाज के लिए रखी गई एक नई नौकरानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी नौकरानी रहस्यमय तरीके से गायब है, जिससे पुलिस का शक उस पर और गहरा गया है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे शहर के व्यापारियों और पॉश इलाकों के बाशिंदों में दहशत का माहौल है।
नशीला पदार्थ खिलाकर मां-बेटे और पालतू कुत्ते को किया बेहोश
घटना वाले दिन मकान मालिक पंकज खेमका किसी जरूरी काम से शहर से बाहर गए हुए थे, और घर पर उनकी पत्नी नीतू और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा वर्धमान मौजूद थे। घर में कुछ दिन पहले ही बिनू नाम की एक नई नौकरानी को रखा गया था, क्योंकि पुरानी नौकरानी बाहर गई हुई थी।
शातिर नौकरानी ने आते ही घर की पूरी रेकी करनी शुरू कर दी थी और उसे यह भी पता था कि कारोबारी अमूमन हर रविवार को बाहर जाते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए रविवार की रात उसने सुनियोजित साजिश रची। उसने परिवार के खाने-पीने की चीजों या आटे में ऐसा नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे कारोबारी की पत्नी, बेटा और घर का पालतू कुत्ता सभी गहरे नशे में बेसुध हो गए।
बैग में भरकर ले गए 80 तोले सोना और नकदी, कार भी ले उड़े
रात करीब 11:45 बजे मौका पाकर नौकरानी ने अपने साथियों को घर के अंदर बुला लिया। इसके बाद करीब एक से डेढ़ घंटे तक इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला गया। बदमाशों ने अलमारियों के ताले तोड़कर वहां रखे जेवरात और नकदी एक बैग में भर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर से करीब 80 तोले सोना और 3 लाख रुपये नकद गायब हैं।
जाते वक्त बदमाशों ने मकान मालकिन और बेटे के मोबाइल फोन घर के बाहर गेट के पास छिपा दिए और भागने के लिए परिवार की ही कार का इस्तेमाल किया। आरोपियों ने पूर्व सांसद की कोठी के पास से गुजरते हुए हिसार नेशनल हाईवे की तरफ रुख किया और भावदीन टोल के पास कार लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाद में उस कार को बरामद कर लिया है।
बेटे को होश आने पर खुला राज, पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच जब कारोबारी के बेटे को थोड़ा होश आया, तो उसने अपनी मां को जगाया। इसके बाद जब उसने नौकरानी को फोन मिलाना चाहा तो वह स्विच ऑफ मिला और नौकरानी नदारद थी। घबराए परिजनों ने तुरंत पड़ोसियों को जगाया और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल, सीआईए और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घर से कचरे में रखे गुंथे हुए आटे के सैंपल भी जांच के लिए उठाए हैं, ताकि यह पुख्ता किया जा सके कि नशामुक्ति किस चीज के जरिए दी गई थी। अधिकारियों का कहना है कि शहर में पहले भी एडवोकेट बंसल के घर हुई लूट में नौकरानी की संलिप्तता सामने आई थी, और इस मामले में भी पुलिस तमाम कड़ियों को जोड़ते हुए नेपाल या अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

