August 17, 2026

Sirsa News: डबवाली में सरपंच ने ठुकराया 15 अगस्त का सम्मान, पंजोखरा साहिब लाठीचार्ज के विरोध में लिया फैसला

0
Sirsa News: डबवाली में सरपंच ने ठुकराया 15 अगस्त का सम्मान, पंजोखरा साहिब लाठीचार्ज के विरोध में लिया फैसला

डबवाली में सरपंच ने ठुकराया 15 अगस्त का सम्मान, पंजोखरा साहिब लाठीचार्ज के विरोध में लिया फैसला

Sirsa News: सिरसा जिले के डबवाली उपमंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई, जब उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित एक सरपंच ने प्रशासनिक सम्मान लेने से साफ इनकार कर दिया। मट्टदादू गांव के सरपंच गगन रणदीप सिंह ने अंबाला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में सिख संगत पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में यह कदम उठाया और 15 अगस्त के मुख्य कार्यक्रम से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।

डबवाली के श्री गुरु गोबिंद सिंह खेल परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह के दौरान जब प्रोटोकॉल के तहत मंच से सरपंच गगन रणदीप सिंह मट्टदादू का नाम पुकारा गया, तो सम्मान लेने के लिए न तो वे खुद पहुंचे और न ही ग्राम पंचायत का कोई प्रतिनिधि मंच पर आया।

बेटियों की शिक्षा और सुरक्षित सफर के लिए होना था सम्मान

गौरतलब है कि स्थानीय प्रशासन ने मट्टदादू पंचायत द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अनुकरणीय सुधारों को देखते हुए इस सम्मान के लिए सरपंच का चयन किया था। सरपंच गगन रणदीप सिंह ने गांव की मेधावी बेटियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से ‘स्कूटी भेंट योजना’ की शुरुआत की थी। इसके अलावा, छात्राओं को स्कूल आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षित परिवहन सेवा की व्यवस्था भी पंचायत स्तर पर करवाई गई थी।

हालांकि, सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह मट्टदादू ने सराहनीय प्रयासों को रेखांकित करने और सम्मान के लिए चयन करने पर स्थानीय प्रशासन का आभार जताया, लेकिन धार्मिक भावनाओं को पहुंची ठेस का हवाला देते हुए सम्मान स्वीकार करने से मना कर दिया।

‘लाठीचार्ज से सिख संगत में भारी रोष, बेकसूर युवाओं को किया जाए रिहा’

मामले को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह मट्टदादू ने कहा कि अंबाला के गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में जो घटनाक्रम घटा, उससे पूरी सिख संगत आहत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां न केवल सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हुई, बल्कि शांतिपूर्ण ढंग से एकत्रित हुई सिख संगत पर पुलिस ने बेवजह लाठीचार्ज कर दिया।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील करते हुए मांग की कि पंजोखरा साहिब मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, घटना के दौरान हिरासत में लिए गए निर्दोष सिख नौजवानों को अविलंब रिहा किया जाए और उन पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए। सरपंच प्रतिनिधि ने जोर देकर कहा कि जिन लोगों ने धार्मिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है, उन पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed