Sirsa News: यह कहावत अक्सर सच साबित होती है कि किस्मत का सिक्का कब और किसकी तरफ पलट जाए, इस बात का अंदाजा किसी को नहीं होता। इंसान चाहे कितनी भी कोशिशें कर ले, लेकिन कई बार चंद सेकंड का भाग्य परिवर्तन रातों-रात उसकी जिंदगी की तस्वीर बदल देता है।
हरियाणा के सिरसा जिले से एक ऐसा ही दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां एक ग्रामीण की झोली में अचानक 50 लाख रुपये का लॉटरी इनाम आ गिरा। इस बड़ी जीत के बाद से मनदीप सिंह और उनके पूरे परिवार में जश्न का माहौल है, और हर कोई उनकी इस अचानक चमकी किस्मत पर चर्चा कर रहा है।
ऐसे सामने आया विजेता का नाम
मामला सिरसा जिले की रानियां तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव सुल्तानपुरिया का है। (Mandeep Singh Sultanpuria) यहां के रहने वाले मनदीप सिंह ने लॉटरी टिकट खरीदी थी, जिसमें उनका नंबर लग गया। हैरानी की बात यह रही कि ड्रॉ निकलने के तुरंत बाद लॉटरी सेंटर के संचालकों को यह पता ही नहीं चल पा रहा था कि आखिर यह जैकपॉट किसके हाथ लगा है।
विजेता की तलाश करने और उस तक यह खुशखबरी पहुंचाने के लिए आखिरकार लॉटरी सेंटर के मालिक को सोशल मीडिया का रास्ता चुनना पड़ा। एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया और लोगों से अपील की गई कि इसे ज्यादा से ज्यादा फैलाया जाए ताकि सही विनर तक सूचना पहुंच सके।
वीडियो वायरल होने के बाद सामने आए मनदीप
सोशल मीडिया की ताकत रंग लाई और सोमवार को आखिरकार उस शख्स की पहचान हो गई जिसकी किस्मत जागी थी। सुल्तानपुरिया गांव के मनदीप सिंह खुद चलकर गौरव लॉटरी सेंटर के संचालक के पास पहुंचे। उन्होंने अपने दस्तावेज और टिकट की औपचारिकताएं पूरी कीं, जिसके बाद साफ हो गया कि 50 लाख रुपये (Haryana Lottery Win 50 Lakh) का यह भारी इनाम उन्हीं के नाम खुला है। इस खुलासे के बाद से मनदीप के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
पंजाब के इन दो लोगों की भी चमकी थी किस्मत
इसी दौर में पड़ोसी राज्य पंजाब से भी लॉटरी के जरिए किस्मत बदलने की कुछ ऐसी ही कहानियां सामने आई हैं, जिन्होंने लोगों को हैरान कर दिया है। रूपनगर जिले के कीरतपुर साहिब के रहने वाले हेमराज पीर साईं बुढ़ण शाह जी की दरगाह के बाहर कपड़ों की छोटी सी फड़ी लगाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे हेमराज की महज 50 रुपये की लॉटरी टिकट पर 21 लाख रुपये का इनाम निकल आया। इसके अलावा, बटाला के वडाला ग्रंथियां गांव के कवलजीत सिंह की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। कर्ज लेकर मस्कट कमाने गए कवलजीत को वहां उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी, लेकिन उन्होंने अपनी मां पिंदरजीत कौर के नाम से एक लॉटरी टिकट खरीदकर छोड़ दी थी। रात को जब ड्रॉ खुला, तो उनके फोन पर एक करोड़ रुपये जीतने की सूचना आई, जिसने उनकी सारी आर्थिक परेशानियों को एक झटके में दूर कर दिया।
यह भी पढ़ें– Haryana Paddy Procurement: हरियाणा में धान खरीद जोरों पर, MSP पर बिक रही फसल, कुरुक्षेत्र और पंचकूला सबसे आगे

