Sirsa News: सिरसा में 17वें दिन उग्र हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, 40 हिरासत में

सिरसा में 17वें दिन उग्र हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, 40 हिरासत में
Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले में पिछले 17 दिनों से चला आ रहा सफाई कर्मचारियों का आंदोलन शनिवार को बेहद उग्र मोड़ पर पहुंच गया। शहर भर में जमा हो चुके कूड़े के ढेर को साफ कराने जब प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरी, तो हड़ताली कर्मचारी विरोध में सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही धक्का-मुक्की और हंगामे का रूप ले लिया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने करीब 40 प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को मौके से हिरासत में ले लिया।
साथियों को पकड़ा तो थाने के बाहर ठोंक दिया ताला
अपने दर्जनों साथियों को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की तादाद में एकत्र हुए कर्मचारियों ने सिरसा के सिटी थाने की ओर कूच किया और मुख्य गेट के बाहर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
थाने के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रदर्शनकारी सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनके साथियों को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक वे थाने के बाहर से हटने वाले नहीं हैं।
‘वादों से मुकर गई सरकार, तानाशाही पर उतारी पुलिस’
नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेता राजेश खींचड़ ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वे पिछले 17 दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी वाजिब मांगों के समर्थन में आवाज उठा रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए थे, उनसे अब पूरी तरह किनारा कर लिया गया है। जब कर्मचारियों ने जबरन कूड़ा उठाए जाने का विरोध किया, तो पुलिस बल का इस्तेमाल कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि जब तक सभी 40 से अधिक कर्मचारियों को रिहा नहीं किया जाता और वार्ता के जरिए मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कूड़े के ढेर से बदहाल शहर, जनता परेशान
लगातार 17 दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण सिरसा शहर के लगभग हर मुख्य मार्ग, चौक-चौराहों और कॉलोनियों में गंदगी का अंबार लग गया है। कई मुख्य रिहायशी इलाकों में डंपिंग यार्ड जैसी बदबूदार स्थिति बन चुकी है, जिससे महामारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। एक तरफ जहां आम जनता बदहाली से त्रस्त होकर सफाई की मांग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच का यह सीधा टकराव फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।
यह भी पढ़ें– DCRUST Sonipat News: प्रोफेसर की करतूतों के खिलाफ कैंपस में प्रदर्शन, जानें क्या है पूरा मामला
