गुरुग्राम। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार की सुबह गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 79 वर्षीय वरिष्ठ नेता की सेहत को लेकर जैसे ही खबर फैली, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं।
हालांकि, पार्टी सूत्रों और अस्पताल के करीबियों ने साफ किया है कि यह एक पूर्व निर्धारित प्रक्रिया (Planed Procedure) का हिस्सा है। उन्हें एक मामूली सर्जरी और नियमित स्वास्थ्य जांच (Routine Checkup) के लिए लाया गया है। फिलहाल उन्हें अस्पताल के वीआईपी वार्ड में रखा गया है, जहाँ मेदांता के सीनियर कंसल्टेंट्स की एक टीम उनकी देखरेख में तैनात है।
सावधानी के तौर पर मेडिकल निगरानी में
सोनिया गांधी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी उतार-चढ़ाव से जूझ रही हैं। इसी साल मार्च में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था, जहाँ उन्हें ‘सिस्टमेटिक इन्फेक्शन’ का इलाज दिया गया था। उस वक्त भी डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम और नियमित मॉनिटरिंग की सलाह दी थी।
मेदांता के सूत्रों का कहना है कि आज की गई भर्ती केवल सावधानी के तौर पर है ताकि माइनर सर्जरी के बाद उनकी रिकवरी पर बेहतर नजर रखी जा सके। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे डॉक्टरों से बातचीत भी कर रही हैं।
जल्द मिल सकती है छुट्टी
हालांकि मेदांता अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक ‘हेल्थ बुलेटिन’ जारी नहीं किया गया है, लेकिन कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि उनकी स्थिति सामान्य है और सर्जरी सफल होने के बाद उन्हें एक-दो दिनों में डिस्चार्ज किया जा सकता है।
सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद से ही हरियाणा और दिल्ली कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने उनकी सेहत का हाल जाना है। फिलहाल अस्पताल परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि अन्य मरीजों को कोई असुविधा न हो।

