Tarntaran Border BSF Action: तरनतारन में BSF की बड़ी कामयाबी, भारत-पाक सीमा पर 2 पाकिस्तानी घुसपैठिये ढेर
तरनतारन में BSF की बड़ी कामयाबी, भारत-पाक सीमा पर 2 पाकिस्तानी घुसपैठिये ढेर
Tarntaran Border BSF Action: पंजाब से लगती भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी तस्करों और घुसपैठियों की नापाक हरकतों पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान लगातार काल बनकर मंडरा रहे हैं। तरनतारन जिले के अंतर्गत आती सीमावर्ती अग्रिम चौकी (BOP) राजोके इलाके में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 2 पाकिस्तानी घुसपैठियों को ढेर कर दिया। वहीं, इस दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच उनका एक अन्य साथी वापस पाकिस्तानी सीमा की तरफ भागने में कामयाब रहा।
देर रात 12:30 बजे हुई हलचल, ललकारने पर नहीं रुके
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे की है। बीओपी राजोके क्षेत्र में तैनात बीएसएफ के सतर्क जवानों को कटीले तारों के पास कुछ संदिग्ध हलचल दिखाई दी। घने अंधेरे का फायदा उठाकर तीन संदिग्ध शख्स पाकिस्तानी सीमा की ओर से भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे।
जवानों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रुकने की चेतावनी दी और ललकारा। लेकिन जवानों की चेतावनी को अनदेखा करते हुए वे आगे बढ़ते रहे। खतरे को भांपते हुए और सीमा की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए बीएसएफ जवानों ने मोर्चा संभालते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
मौके पर ही दो की मौत, सीमावर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी
बीएसएफ की ओर से हुई सीधी फायरिंग में दो पाकिस्तानी घुसपैठिये गोलियां लगने से मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि उनका तीसरा साथी गोलियों की आवाज सुनते ही उल्टे पांव वापस पाकिस्तान की सीमा में भाग खड़ा हुआ।
हालांकि, इस पूरी घटना को लेकर सीमा सुरक्षा बल की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी जारी होना बाकी है, लेकिन प्राथमिक जांच में मारे गए दोनों शख्स पाकिस्तानी नागरिक बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। बीएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें इलाके में सघन चेकिंग और सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घुसपैठियों का मकसद केवल सीमा पार करना था या फिर वे हथियारों व हेरोइन की खेप पहुंचाने की फिराक में थे।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश
