महज 6 घंटे में फायरिंग मामले के तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 7 मुकदमे

Narnaul Crime News:
थाना निजामपुर क्षेत्र में हुए फायरिंग के मामले में सीआईए नारनौल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 6 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास व दो अन्य आरोपियों को कैंपर गाड़ी सहित काबू कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना निजामपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रवीण निवासी गांव घाटासेर ने दिनांक 27 अगस्त को थाना निजामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसका भाई विकास अपनी गाड़ी लेकर गांव (घाटासेर) की धर्मशाला के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव का एक युवक उसकी गाड़ी में बैठकर बीयर पीने लगा। शिकायतकर्ता के भाई द्वारा उसे गाड़ी में बीयर पीने से मना करने पर आरोपी ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और धमकी दी कि उसे गाड़ी में बीयर पीने से मना करने का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी ने अपने अन्य दो साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जो कैंपर गाड़ी में धर्मशाला के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचकर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के भाई को धमकाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद हथियार से शिकायतकर्ता के भाई की ओर फायरिंग की। घटना के दौरान शिकायतकर्ता के पिता अंतर सिंह बीच में आ गए, जिससे वे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 व थाना निजामपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना निजामपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई की।
सीआईए नारनौल की टीम ने मात्र 6 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास निवासी घाटासेर, थाना निजामपुर, आशीष निवासी सेका, थाना सदर नारनौल तथा रूपेश निवासी भूषण कला, थाना सदर नारनौल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को गांव सेका से कैंपर गाड़ी सहित काबू किया है तथा उन्हें आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए थाना निजामपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास हिस्ट्रीशीटर रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी हत्या व आर्म्स एक्ट सहित लड़ाई-झगड़ा, मारपीट के मामलों में लगभग सात मुकदमे दर्ज हैं।
