Tiranga Yatra World Record: पलवल में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 5 किलोमीटर लंबा तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरा जनसैलाब, ‘गोल्डन बुक’ में नाम दर्ज

पलवल में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 5 किलोमीटर लंबा तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरा जनसैलाब, 'गोल्डन बुक' में नाम दर्ज
Tiranga Yatra World Record: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा का पलवल शहर पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। गुरुवार सुबह जिला पुलिस लाइन से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा ने एक नया कीर्तिमान रच दिया। राज्य के खेल एवं युवा सशक्तिकरण मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों लोगों ने 5 किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे को थामकर कदम से कदम मिलाया। पुलिस लाइन से रवाना होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के रास्ते नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जाकर यात्रा का समापन हुआ।
गोल्डन बुक ऑफ WORLD RECORDS में दर्ज हुआ पलवल का नाम
इस अभूतपूर्व आयोजन ने पलवल के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज कराया है। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। इस ऐतिहासिक क्षण पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल की धरती पर रचे गए इस इतिहास को आने वाली पीढ़ियां सदियों तक याद रखेंगी। उन्होंने इसे केवल एक कार्यक्रम न मानकर राष्ट्रीय एकता और सामूहिक देशभक्ति को समर्पित एक विराट जन-आंदोलन बताया।
20 से ज्यादा जगहों पर पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों से हुआ जोरदार अभिनंदन
सुबह जब तिरंगा यात्रा शुरू हुई, तो रास्ते भर जनसैलाब बढ़ता ही चला गया। शहर के मुख्य मार्गों पर करीब 20 से अधिक स्थानों पर स्थानीय लोगों, विभिन्न संगठनों और व्यापारियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा थिरकते दिखे, तो कहीं छतों और चौराहों से यात्रा पर फूलों की बारिश की गई। स्कूली बच्चों, शिक्षकों, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगे के सम्मान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नेताओं की रही मौजूदगी
इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के साथ पूर्व मंत्री जगदीश नायर, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैसला, हरेंद्र पाल राणा, हरित बैसला और पलवल के उपायुक्त जयेंद्र सिंह छिल्लर भी मुस्तैद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। मंत्री गौरव गौतम ने अंत में कहा कि तिरंगा हमारी आजादी, शहीदों की शहादत, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है, जिसे आज पलवल के नागरिकों ने नए शिखर पर पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
