TRAI DND App: स्पैम कॉल्स और फर्जी मैसेज से हैं परेशान? TRAI DND App से ऐसे पाएं मुक्ति; जानें शिकायत करने और नंबर ब्लॉक करने का तरीका
स्पैम कॉल्स और फर्जी मैसेज से हैं परेशान? TRAI DND App से ऐसे पाएं मुक्ति; जानें शिकायत करने और नंबर ब्लॉक करने का तरीका
TRAI DND App: आज के दौर में स्मार्टफोन हर इंसान की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसके साथ ही एक बड़ी मुसीबत जो लगभग हर यूजर झेल रहा है, वह है दिन-रात आने वाले स्पैम कॉल्स और अनचाहे मैसेजेस। कभी पर्सनल लोन दिलाने का दावा, कभी क्रेडिट कार्ड (credit card) का ऑफर तो कभी फर्जी लॉटरी और कैशबैक का लालच। ये अनचाहे मैसेजेस न सिर्फ दिनभर काम के बीच खलल डालते हैं, बल्कि कई बार लोग इनके जरिए होने वाली साइबर ठगी का शिकार भी बन जाते हैं। इस परेशानी से अपने ग्राहकों को बचाने के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI DND App) की ‘Do Not Disturb’ (DND) सेवा एक मजबूत ढाल बनकर उभरी है।
यदि आप भी हर दिन बजने वाली इन अनचाही घंटियों से आजिज आ चुके हैं, तो ‘TRAI DND App’ आपके मोबाइल के लिए एक बेहद जरूरी टूल है। यह एप्लीकेशन यूजर्स को अपने नंबर पर आने वाले तमाम कमर्शियल कम्युनिकेशंस पर पूरा नियंत्रण (Control) देने की आजादी देती है।
अपनी सुविधा के अनुसार चुनें कैटेगरी, जरूरी मैसेजेस नहीं रुकेंगे
ट्राई डीएनडी ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह आपको ‘ऑल या नथिंग’ के ढर्रे पर काम करने के लिए मजबूर नहीं करता। अक्सर लोगों को डर रहता है कि डीएनडी लगाने से उनके बैंक या जरूरी सेवाओं के मैसेज रुक जाएंगे, लेकिन इस ऐप में ऐसी कोई समस्या नहीं है।
यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से बैंकिंग, रीयल एस्टेट, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और एफएमसीजी जैसी अलग-अलग श्रेणियों में से चुन सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि आप चाहते हैं कि आपको रियल एस्टेट के फोन न आएं लेकिन बैंक के ऑफर वाले मैसेज मिलते रहें, तो आप केवल रियल एस्टेट कैटेगरी को ब्लॉक कर सकते हैं। इससे जरूरी कमर्शियल मैसेजेस की डिलीवरी प्रभावित हुए बिना फालतू के विज्ञापनों पर रोक लग जाती है।
DND के बावजूद आ रहा है स्पैम कॉल? सीधे ऐप से दर्ज कराएं शिकायत
यदि आपने अपने नंबर पर डीएनडी सेवा एक्टिवेट कर रखी है और इसके बावजूद कोई टेलीमार्केटिंग कंपनी या स्पैमर आपको परेशान कर रहा है, तो आप उस पर कानूनी कार्रवाई करवा सकते हैं। TRAI DND App में वन-टैप शिकायत दर्ज करने की इन-बिल्ट सुविधा दी गई है।
जैसे ही कोई स्पैम कॉल या एसएमएस आता है, आप ऐप खोलकर सीधे अपने नेटवर्क ऑपरेटर (Jio, Airtel, Vi या BSNL) को उसकी रिपोर्ट भेज सकते हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए न तो कस्टमर केयर को फोन करने की जरूरत है और न ही कोई लंबा फॉर्म भरने की। इतना ही नहीं, ऐप में दर्ज कराई गई शिकायत का लाइव स्टेटस भी देखा जा सकता है कि संबंधित नंबर के खिलाफ आपकी टेलीकॉम कंपनी ने क्या एक्शन लिया।
एक्शन मोड में ट्राई: 1.83 लाख नंबरों पर गिरी गाज, 263 सेंडर्स ब्लैकलिस्ट
अनचाही कॉल्स के खिलाफ नियामक संस्था की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्राई ने हाल ही में जारी आंकड़ों में बड़ा खुलासा किया है। अप्रैल से जून 2026 की तिमाही के दौरान ट्राई के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए टेलीकॉम कंपनियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 1.83 लाख टेलीकॉम रिसोर्सेज (कनेक्शनों/नंबरों) को डिस्कनेक्ट या ब्लॉक किया है।
इसके अलावा, बार-बार नियम तोड़ने वाले 263 बल्क सेंडर्स को पूरी तरह से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। ट्राई का साफ संदेश है कि आम जनता की निजता में खलल डालने वाले किसी भी स्पैमर को बख्शा नहीं जाएगा।
TRAI DND App का इस्तेमाल करने की स्टेप-बाय-बाय प्रक्रिया:
ऐप डाउनलोड करें: अपने एंड्रॉइड स्मार्टफोन में Google Play Store या आईफोन में Apple App Store पर जाएं और ‘TRAI DND 3.0’ सर्च कर डाउनलोड करें।
नंबर वेरीफाई करें: ऐप इंस्टॉल होने के बाद अपना 10 अंकों वाला मोबाइल नंबर दर्ज करें और एसएमएस के जरिए आए ओटीपी (OTP) को डालकर वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करें।
जरूरी परमिशन दें: ऐप को आपके फोन पर आने वाले फर्जी एसएमएस और कॉल लॉग की पहचान करने के लिए कुछ बेसिक परमिशंस की जरूरत होती है। ऑन-स्क्रीन निर्देशों का पालन करते हुए कॉल और एसएमएस एक्सेस की अनुमति दें।
कैटेगरी सेट करें: ऐप के मुख्य डैशबोर्ड पर जाकर ‘DND Preferences’ पर क्लिक करें।
ब्लॉक लिस्ट चुनें: जिस-जिस क्षेत्र (जैसे- बैंकिंग, रियल एस्टेट, जॉब ऑफर आदि) के विज्ञापन आप नहीं चाहते, उन्हें सेलेक्ट कर अपनी डीएनडी सेटिंग सेव कर दें।
