बॉलीवुड। बॉलीवुड में पुराने सुपरहिट गानों को नए कलेवर में पेश करने का चलन नया नहीं है, लेकिन हर बार यह प्रयोग दर्शकों को रास आए, ऐसा जरूरी नहीं। ताजा मामला अभिनेता वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का है। फिल्म का बहुप्रतीक्षित गाना ‘चुनरी-चुनरी’ आखिरकार रिलीज तो कर दिया गया, लेकिन इसके साथ ही यूट्यूब से लेकर एक्स (ट्विटर) तक पर आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया है। फैंस इस बात से खफा हैं कि एक ओरिजिनल क्लासिक गाने की आत्मा को रीमेक के चक्कर में पूरी तरह मार दिया गया है।
क्या जरूरत थी गाना बिगाड़ने की? दर्शकों ने निकाली भड़ास
यह गाना 90 के दशक के उस दौर का है जब सलमान खान और सुष्मिता सेन की केमिस्ट्री ने पर्दे पर आग लगा दी थी। आज भी शादियों और पार्टियों में यह गाना बजते ही लोग झूम उठते हैं। नए वर्जन में अक्षय रहेजा और अभिषेक सिंह के म्यूजिक अरेंजमेंट और रेमो डिसूजा की कोरियोग्राफी दर्शकों को बिल्कुल प्रभावित नहीं कर पाई। गाने के कमेंट सेक्शन में लोग अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “भाई, इस मास्टरपीस को इतनी बुरी तरह बिगाड़ने में सच में बहुत मेहनत लगी होगी।” वहीं एक अन्य नाराज फैन ने सवाल उठाया कि आखिर बॉलीवुड मेकर्स ओरिजिनल गानों के साथ छेड़छाड़ करना कब बंद करेंगे?
बाप-बेटे की जोड़ी की आखिरी फिल्म! पहले ही दिन से विवादों का साया
चर्चा है कि मशहूर डायरेक्टर डेविड धवन के निर्देशन में बनने वाली यह आखिरी फिल्म हो सकती है। फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। जब फिल्म का ट्रेलर आया था, तब भी वरुण धवन के लाउड अभिनय को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी ट्रोलिंग हुई थी। अब इस नए गाने ने आग में घी का काम किया है। हालांकि, फिल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि यह विवाद और चर्चा ही फिल्म को सिनेमाघरों तक दर्शक खींचने में मदद करेगी।
रिलीज से पहले ही कोर्ट-कचहरी के मुहाने पर पहुंच गया था गाना
कम ही लोग जानते हैं कि यह गाना सिर्फ दर्शकों की ट्रोलिंग का ही शिकार नहीं हुआ, बल्कि कानूनी पचड़ों से भी गुजर चुका है। ‘बीवी नंबर 1’ के मूल निर्माता वाशू भगनानी ने कुछ समय पहले डेविड धवन पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि उन्होंने बिना आधिकारिक अनुमति और राइट्स खरीदे इस गाने का इस्तेमाल अपनी फिल्म में कर लिया है। इस मुद्दे पर इंडस्ट्री के भीतर काफी खींचतान हुई थी, जिसे बाद में आपसी बातचीत और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर सुलझाया गया। तमाम विवादों को पीछे छोड़ते हुए अब यह फिल्म आगामी 5 जून को थिएटर्स में रिलीज होने जा रही है।

