महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए नवंबर में लगेगी सहकारिता प्रदर्शनी, प्रशासक ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की दी सैद्धांतिक स्वीकृति
चंडीगढ़ में नवंबर में लगेगी महिला सहकारिता प्रदर्शनी
Women Cooperative Exhibition: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सहकारी उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहकार भारती चंडीगढ़ (पंजीकृत) की ओर से नवंबर 2026 में ‘महिला सशक्तिकरण में सहकारिता की भूमिका’ विषय पर सेमिनार-सह-प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर सहकार भारती चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। भेंट के दौरान सहकार भारती चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत और महासचिव नीरज मक्कड़ ने पूर्व में आयोजित सहकार भारती के सेमिनार में राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति और प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया। लक्ष्मण सिंह रावत और नीरज मक्कड़ ने बताया कि प्रस्तावित सेमिनार-सह-प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिला सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य सामुदायिक संगठनों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। महिलाओं को सहकारी उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान यूटी के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रस्तावित कार्यक्रम के उद्देश्यों की सराहना की। उन्होंने नवंबर में होने वाले सेमिनार-सह-प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मार्गदर्शन और सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
लक्ष्मण सिंह रावत और नीरज मक्कड़ ने कहा कि राज्यपाल की उपस्थिति से कार्यक्रम को नई दिशा और प्रोत्साहन मिलेगा। इसके माध्यम से महिलाओं को सहकारी क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों को साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने का भी प्रयास किया जाएगा। सहकार भारती चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत और महासचिव नीरज मक्कड़ ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी। राज्यपाल ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की सराहना करते हुए नवंबर में आयोजित होने वाले सेमिनार-सह-प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी। उन्होंने आयोजन के लिए मार्गदर्शन और सहयोग का भी आश्वासन दिया।
