Yamunanagar Crime News: यमुनानगर जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के दावों के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी का झांसा देकर दो बच्चों की मां और तलाकशुदा महिला के साथ सालों तक दुष्कर्म करने और बाद में अश्लील वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने शादी की जिद नहीं छोड़ी तो वह उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए आरोपी नियाजउद्दीन उर्फ राजा को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।
2019 में हुई थी मुलाकात, विश्वास में लेकर यमुना गली स्थित मकान पर बुलाया
महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना क्षेत्र की ही रहने वाली पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता के अनुसार, उसका अपने पति से तलाक हो चुका है और वह अपने दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात शादीपुर निवासी नियाजउद्दीन उर्फ राजा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने महिला से शादी करने का वादा कर उसे अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद आरोपी उसे यमुनानगर की यमुना गली स्थित अपने मकान पर ले गया और उसकी मर्जी के खिलाफ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शादी का दबाव बनाया तो दी जान से मारने की धमकी, छिपकर बनाई थी वीडियो
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जब भी वह आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। इसी बीच आरोपी ने धोखे से उसकी अश्लील वीडियो और तस्वीरें बना लीं। जब महिला ने शादी के लिए सख्त रुख अपनाया, तो आरोपी अपने असली रूप में आ गया। उसने महिला को धमकी दी कि यदि उसने ज्यादा दबाव बनाया या किसी को इस बारे में बताया, तो वह उसकी अश्लील वीडियो और फोटो को इंटरनेट पर वायरल कर देगा और उसे जान से मार डालेगा।
पुलिस ने टीम गठित कर दबोचा आरोपी, कोर्ट ने भेजा जेल
आरोपी की धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पूरी घटना की जानकारी महिला थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी शीलावंती के मुताबिक, पीड़िता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी नियाजउद्दीन उर्फ राजा को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद जज के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।

