Yamunanagar Crime: हरियाणा के यमुनानगर जिले अंतर्गत रादौर थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों को जाल में फंसाने का एक भयावह मामला सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद 16 साल की एक स्कूली छात्रा को बहला-फुसलाकर खेतों में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
काम से घर लौटे पिता तो गायब मिली बेटी, रिश्तेदारों के यहां शुरू हुई तलाश
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चों में सबसे बड़ी 16 वर्षीय बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा है। बीते 3 अक्टूबर की सुबह परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर निकल गए थे और बेटी घर पर अकेली थी। दोपहर लगभग एक बजे जब पिता खाना खाने घर पहुंचे तो बेटी गायब मिली। काफी देर तक इंतजार करने और आसपास व रिश्तेदारी में खोजबीन करने के बावजूद जब छात्रा का कोई पता नहीं चला, तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
5 महीने पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी बातचीत, फुसलाकर बाइक पर ले गया आरोपी
शिकायत के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे नाबालिग जब किसी तरह रोते-बिलखते घर पहुंची, तो परिजनों ने उससे बाहर जानकी वजह पूछी। तब छात्रा ने बताया कि आर्यन नाम का एक युवक उसे बातों में फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था। आरोपी उसे एक गांव के पास खेतों में स्थित ट्यूबवेल के नजदीक गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसने नाबालिग के साथ जबरदस्ती की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक और छात्रा के बीच पिछले 5-6 महीनों से इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी, जो बाद में फोन पर होने लगी। आरोपी ने इसी जान-पहचान और नाबालिग के अकेले होने का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया।
किसी को बताने पर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की तलाश
पीड़िता का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसे सख्त हिदायत दी थी कि यदि उसने इस बारे में अपने माता-पिता या पुलिस को कुछ भी बताया, तो वह उसे जान से मार देगा। हालांकि, डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचते ही अपने परिवार को पूरी सच्चाई बता दी। रादौर थाना पुलिस का कहना है कि पिता की शिकायत और पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है।
यह भी देखें – हरियाणा में 6 दिन तक रहेगा दो पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश के साथ दस्तक देगी गुलाबी ठंड

