Yamunanagar cyber crime: यमुनानगर जिले के अमादलपुर गांव में साइबर अपराधियों का एक चौंकाने वाला कारनामा सामने आया है, जहाँ एक महिला को राजनीतिक हस्तियों के नाम पर चलाए जा रहे फर्जीवाड़े का शिकार होना पड़ा। शातिर अपराधियों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम पर फेसबुक पर एक फर्जी पेज ‘सीएम विजय थलापति फाउंडेशन’ तैयार कर रखा था। इसी पेज के जाल में फंसकर गांव अमादलपुर निवासी मोमिना नामक महिला ने अपने आशियाने के सपने के चक्कर में 7 लाख 72 हजार रुपये गंवा दिए।
पीड़ित मोमिना ने साइबर थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक पर ‘सीएम विजय थलापति फाउंडेशन’ नाम से एक पेज देखा था। पेज पर बड़े-बड़े दावे किए गए थे कि यह संस्था गरीब और बेसहारा लोगों को मकान बनवाने और आर्थिक सहायता देने का काम करती है। पेज पर संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया था। घर की तंगहाली दूर करने और खुद का पक्का मकान बनाने की आस में मोमिना ने उस नंबर पर मैसेज किया, जिसके बाद ठगों ने उनके वॉट्सऐप पर बातचीत शुरू कर दी।
खुद को बताया तमिलनाडु का सीएम, ऐसे बिछाया जाल
वॉट्सऐप पर हुई बातचीत में शातिर ठग ने खुद को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री विजय थलापति बताकर पेश किया। उसने मोमिना को झांसे में लेते हुए कहा कि उनकी संस्था गरीबों की मदद करती है और वे उनके नए घर के निर्माण के लिए बड़ा आर्थिक सहयोग देंगे। हालांकि, इसके लिए उसने शर्त रखी कि मकान की रजिस्ट्री और अन्य कानूनी औपचारिकताओं का कुछ खर्च पीड़ित परिवार को खुद उठाना होगा। ठग की मीठी और विश्वासी बातों में आकर मोमिना और उनके पति झांसे में आ गए।
पीड़ित दंपति ने अपनी जमा पूंजी और इंतजाम किए गए पैसों से 12 अगस्त से 22 अगस्त के बीच ठगों द्वारा दिए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 7 लाख 72 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर कर दी। रकम जमा होते ही आरोपियों ने बातचीत बंद कर दी और संबंधित मोबाइल नंबरों को बंद कर दिया। कई दिनों तक संपर्क न होने पर जब मोमिना और उनके पति ने अपने जानकारों से इस बारे में चर्चा की, तब जाकर उन्हें अहसास हुआ कि वे एक सोचे-समझे साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, सतर्क रहने की हिदायत
पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर मशहूर हस्तियों, राजनेताओं और मुख्यमंत्रियों के नाम से फर्जी पेजों और लिंक की बाढ़ आई हुई है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी प्रलोभन या आर्थिक मदद के झांसे में आकर किसी को पैसे ट्रांसफर करें। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर नाले में मिले शव की हुई पहचान, सोशल मीडिया की खबर देखकर मॉर्च्युरी पहुंची बहन, रो-रोकर बुरा हाल

