Yamunanagar Illegal Paneer Factory: हरियाणा के यमुनानगर में मिलावटखोरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यमुनानगर शहर के घनी आबादी वाले गांधी नगर क्षेत्र में एक मकान के भीतर चल रही अवैध पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के होश उड़ गए, क्योंकि मौके पर जो पनीर तैयार किया जा रहा था, उससे तीव्र दुर्गंध आ रही थी और वह पूरी तरह मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतीत हो रहा था। टीम ने मौके से भारी मात्रा में मिलावटी व एनालॉग पनीर जब्त कर उसे नष्ट करवा दिया।
महज 240 रुपये प्रति किलो में हो रही थी होटलों और ढाबों में सप्लाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) डॉ. गुलाब के नेतृत्व में डाली गई इस रेड को लेकर विभाग ने अहम खुलासे किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस अवैध कारखाने का संचालन बिहार के मोतिहारी का रहने वाला एक व्यक्ति कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस इकाई के पास खाद्य कारोबार से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन या मानक प्रमाणपत्र नहीं था।
यहां तैयार होने वाले सिंथेटिक और एनालॉग पनीर को महज 240 रुपये प्रति किलो के थोक भाव पर शहर की विभिन्न डेयरियों, होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबारियों को धड़ल्ले से बेचा जा रहा था। विभाग के अनुसार, बाजार में असली पनीर का सामान्य थोक भाव भी 300 से 350 रुपये प्रति किलो से ऊपर होता है, ऐसे में इतनी कम कीमत पर मिलने वाला पनीर पूरी तरह संदिग्ध था।
सैंपल लेकर जमीन में दबाया गया सड़ा हुआ पनीर, दूध की गुणवत्ता भी खराब
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने बरामद पनीर के कानूनी नमूने (सैंपल्स) भरकर जांच के लिए स्टेट फूड लैब भेज दिए हैं। सैंपलिंग की औपचारिकता पूरी होने के बाद मौके पर मिले सड़े हुए पनीर को जमीन में बड़ा गड्ढा खुदवाकर पूरी तरह नष्ट कर दबा दिया गया। इसके अलावा, कारखाने में रखे दूध की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई।
अधिकारियों का कहना है कि यह अवैध कारोबार पिछले करीब तीन साल से बेखौफ चलाया जा रहा था। पिछले तीन-चार दिनों से विभाग को कम कीमत पर घटिया पनीर बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह पुख्ता कार्रवाई की गई है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में बाइक को लेकर भाई से हुई बहस, 19 साल के हर्ष ने लगा ली फांसी

