Yamunanagar Murder Case: हिमाचल से लौटी ट्रैक्टर-ट्राली में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान
हिमाचल से लौटी ट्रैक्टर-ट्राली में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान
Yamunanagar Murder Case: यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के जयधर गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव में ही खड़ी एक खाली ट्रैक्टर-ट्राली से 25 वर्षीय युवक अरुण का शव बरामद हुआ। अरुण पिछले तीन दिनों से लापता था और हिमाचल प्रदेश भूसा छोड़ने गया हुआ था। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर नीले पड़े निशान और चोट के घाव देखकर परिजनों ने उसके साथ गए साथी मजदूरों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और ‘सीन ऑफ क्राइम’ की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
साथियों ने कहा ‘ट्राली में सो रहा है’, तलाश की तो निकली लाश
मृतक के पिता सलिंद्र कुमार के अनुसार, अरुण मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब तीन दिन पहले वह गांव के ही चार युवकों—दीपक उर्फ दीपा, निर्मल उर्फ अंजू, ताहिर उर्फ भूरा और राजीव के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में भूसा लादकर हिमाचल गया था। सोमवार को चारों मजदूर तो गांव लौट आए लेकिन अरुण उनके साथ नहीं दिखा। जब परिजनों ने उससे जुड़े सवाल पूछे, तो साथियों ने टालमटोल करते हुए कहा कि “अरुण ट्राली में सो रहा है, थोड़ी देर में आ जाएगा।” जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा और परिजनों ने ट्राली में जाकर देखा तो वहां अरुण बेसुध पड़ा था, जिसकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों की शिकायत पर चार साथियों पर एफआईआर दर्ज
शरीर पर चोटों के निशान और साथियों के संदिग्ध रवैये को देखते हुए परिजनों ने छछरौली थाने में हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चारों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
नशा और पुरानी रंजिश के कोण पर भी पुलिस की नजर
छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हिमाचल से लौटते वक्त रास्ते में उनके बीच कोई झगड़ा या अनहोनी तो नहीं हुई थी। अरुण दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह नशे (स्मैक) का भी आदी था। पुलिस फिलहाल साथी मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– अंबाला में 125 साल पुराना वामन द्वादशी मेला शुरू, CM नायब सैनी ने टेका माथा
