August 13, 2026

Yamunanagar News: ससुराल छोड़ मायके में चला रही थी नशे का नेटवर्क, 54 ग्राम स्मैक के साथ 3 बच्चों की मां गिरफ्तार

0
Yamunanagar News: ससुराल छोड़ मायके में चला रही थी नशे का नेटवर्क, 54 ग्राम स्मैक के साथ 3 बच्चों की मां गिरफ्तार

ससुराल छोड़ मायके में चला रही थी नशे का नेटवर्क, 54 ग्राम स्मैक के साथ 3 बच्चों की मां गिरफ्तार

Yamunanagar News: यमुनानगर जिले में नशे के बढ़ते कारोबार पर नकेल कसते हुए एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 54 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की है। पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, वह काफी चौंकाने वाला है— आरोपी महिला तीन बच्चों की मां है, जो अपने ससुराल हैदरपुर को छोड़कर मायके में रह रही थी और वहीं से नशे की छोटी-बड़ी पुड़िया बनाकर सप्लाई कर रही थी।

एंटी नारकोटिक सेल के सब-इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव ललहाड़ी कलां में एक महिला लंबे समय से स्मैक बेचने का धंधा कर रही है। सूचना को पुख्ता मानते हुए एएसआई राजेंद्र सिंह, महिला एएसआई मंजीत कौर, पंकज, कांस्टेबल प्रीति और विमल की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तुरंत गांव ललहाड़ी कलां में दबिश दी और संदिध हालत में घूम रही महिला को घेराबंदी कर काबू कर लिया।

महिला पुलिसकर्मियों ने ली तलाशी, निकली 54 ग्राम हेरोइन

टीम में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों द्वारा नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 54 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला की पहचान प्रियंका उर्फ प्रिया निवासी हैदरपुर के रूप में हुई। जांच अधिकारियों के अनुसार, प्रियंका पिछले कुछ समय से अपने ससुराल के बजाय मायके (ललहाड़ी कलां) में रह रही थी और यहीं से अपना नेटवर्क फैलाकर युवाओं को नशा बेच रही थी।

पहले भी दर्ज है एनडीपीएस केस, रिमांड पर लेगी पुलिस

जाँच-पड़ताल के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य भी आया कि प्रियंका कोई पहली बार इस काले कारोबार में नहीं उतरी है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशा तस्करी का मामला दर्ज हो चुका है, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। इसके बावजूद उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा।

ताजा मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत नया केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे कड़ाई से पूछताछ की जाएगी ताकि यह साफ हो सके कि वह स्मैक की यह खेप कहां से लाती थी और इसके पीछे कौन सा बड़ा सप्लायर गिरोह काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें- पंजोखरा साहिब घटना पर बिफरी सिख संगत, गुरसिमरन मंड पर कार्रवाई की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *