Ambala Panjokhra Sahib News: पंजोखरा साहिब घटना पर गुरसिमरन मंड पर कार्रवाई की मांग, हाईवे जाम करने निकला सिख समाज

पंजोखरा साहिब घटना पर बिफरी सिख संगत, गुरसिमरन मंड पर कार्रवाई की मांग
Ambala Panjokhra Sahib News: अंबाला के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में 7 अगस्त को हुई घटना की गूंज अब और तेज हो गई है। घटना के विरोध और भावी रणनीति तय करने के लिए गुरुवार को गुरुद्वारा परिसर में सिख संगत और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के सदस्यों की एक विशाल महापंचायत बुलाई गई।
सैकड़ों की तादाद में पहुंचे सिख प्रतिनिधियों ने पुलिस-प्रशासन की भूमिका और अब तक की कार्रवाई पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर गुरुद्वारे के चारों ओर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से समाज में रोष
बैठक के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन का रवैया पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण नजर आ रहा है। गुरसिमरन सिंह मंड की शिकायत पर पुलिस ने जिस तत्परता से एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारियां कीं, वैसी फुर्ती गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से दी गई शिकायत पर नहीं दिखाई गई। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस ढुलमुल रवैये से जनता के बीच एकतरफा कार्रवाई का संदेश जा रहा है। संगत ने सभी शिकायतों की निष्पक्षता से जांच करने और कानून के मुताबिक बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
सड़क हादसे की निष्पक्ष जांच और मंड पर कार्रवाई की मांग
महापंचायत में गुरसिमरन सिंह मंड के पुत्र भवजोत सिंह से संबंधित सड़क दुर्घटना का मुद्दा भी प्रमुखता से गूंजा। वक्ताओं ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम और वाहन दुर्घटना के सभी पहलुओं की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा, सिख पंथ की भावनाओं को आहत करने के आरोप में गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग दोहराई गई।
जेल में बंद सिखों की रिहाई के लिए बनेगी रणनीति
बैठक में सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और माता बलविंदर कौर विशेष रूप से पहुंचे। उनके अलावा एचएसजीएमसी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह तलाकौर, संयुक्त सचिव बलविंदर सिंह भिंडर, कार्यकारिणी सदस्य रुपिंदर सिंह पंजोखरा साहिब, रुपिंदर सिंह लाडी, सुखदेव सिंह न्यूवला, गुरतेज सिंह, गुरजीत सिंह धमोली, हरिंदर सिंह राछेड़ी, निर्मल सिंह जोला और बलकार सिंह मर्दों साहिब समेत दर्जनों धार्मिक व सामाजिक जत्थेबंदियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सिख नेताओं ने साफ किया कि जब तक गिरफ्तार किए गए बेकसूर लोगों की रिहाई और मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
