Yamunanagar road accident: यमुनानगर जिले के जठलाना थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जठलाना में पेट्रोल पंप के पास एमटी करेहड़ा चौक के समीप गुरुवार दोपहर एक बेकाबू डंपर ने बाइक सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान यमुनानगर के आईटीआई के पास लक्ष्मी गार्डन निवासी 45 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई है। धर्मेंद्र वृंदा कंपनी में बतौर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव काम करते थे और अपने पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। रोजाना की तरह वह रादौर और जठलाना इलाके में डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर्स पर दवाइयों के काम से अपनी बाइक पर निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे जब वे जठलाना में अपना काम निपटाकर रादौर की तरफ लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें सामने से सीधी टक्कर मार दी।
मौके से भागा डंपर चालक, निजी अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के भाई त्रिलोचन सिंह ने पुलिस को बताया कि रादौर की तरफ से आ रहे डंपर का चालक बेहद तेज गति और लापरवाही से गाड़ चला रहा था। टक्कर के बाद धर्मेंद्र सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल धर्मेंद्र को पहले नाहरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए उन्हें यमुनानगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद धर्मेंद्र की जान नहीं बचाई जा सकी।
आरोपी चालक पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
हादसे को अंजाम देने के बाद डंपर चालक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बनते देख गाड़ी छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। आरोपी चालक की पहचान देवधर गांव के निवासी इंतजार के रूप में हुई है। जठलाना थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर और फिर अस्पताल पहुंची थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के भाई त्रिलोचन सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी डंपर चालक इंतजार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बिगड़ा मौसम, 10 जिलों में बारिश से मंडियों में भीगा धान

