Yamunanagar Road Accident: यमुनानगर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह कलानौर-जगाधरी मुख्य मार्ग पर स्थित ब्रह्मपुरा चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक के बाद एक दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले स्थित घाटहेड़ा गांव निवासी 47 वर्षीय देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
भांजे की आंखों के सामने काल बनकर आया ट्रैक्टर
पुलिस को दी शिकायत में मेहरमाजरा निवासी गोपाल ने बताया कि मृतक देवेंद्र कुमार रिश्ते में उनके मामा थे। देवेंद्र शादीशुदा थे और अपने पीछे दो जुड़वां बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। वे छछरौली रोड पर चूना भट्टी के पास एक निजी नौकरी करते थे और भांजे से मिलने मेहरमाजरा आए हुए थे। गुरुवार सुबह दोनों मामा-भांजा अपनी-अपनी बाइकों पर सवार होकर काम पर यमुनानगर की तरफ जा रहे थे। देवेंद्र अपनी बाइक पर आगे चल रहे थे, जबकि गोपाल थोड़ा पीछे था। जैसे ही वे ब्रह्मपुरा चौक से आगे बढ़े, कलानौर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने लापरवाही से चलाते हुए देवेंद्र की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
कुचलने के बाद दूसरी बाइक को भी मारी टक्कर
टक्कर लगते ही देवेंद्र सड़क पर जा गिरे और ट्रैक्टर का भारी-भरकम पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इतने पर भी बेकाबू ट्रैक्टर रुका नहीं और उसने आगे चल रही एक अन्य बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दूसरी बाइक को चला रहे यमुनानगर के जोगिंद्र नगर निवासी 28 वर्षीय नवलेश कुमार की बाईं टांग में गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुटने लगी। खुद को घिरता देख आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज गति में भगाते हुए जगाधरी की ओर रफूचक्कर हो गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने घोषित किया मृत
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद देवेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नवलेश कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है।
यमुनानगर सदर थाना प्रभारी कमलजीत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्यक्षदर्शी भांजे गोपाल के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दावा किया जा रहा है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– जगाधरी में मंदिर के पास दुकान का ताला तोड़कर चोरी, 20 हजार कैश और नोटों के हार गायब

