Yamunanagar Shop Theft: यमुनानगर जिले के जगाधरी में बेखौफ अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस बार शातिर चोरों ने जगाधरी के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर के पास स्थित एक मनियारी (जनरल/श्रृंगार) दुकान को अपना निशाना बनाया। चोर दुकान का दरवाजा और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और गल्ले में रखी नकदी समेत कीमती सामान समेटकर रफुचक्कर हो गया। सुबह जब पीड़ित व्यापारी दुकान पर पहुंचा, तो बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए।
सुबह दुकान खोलते ही सामने आया वारदात का नजारा
गौरी शंकर मंदिर निवासी पीड़ित दुकानदार हर्ष गुप्ता ने बताया कि बुधवार की रात करीब 10 बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन गुरुवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे और ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो अंदर का नजारा हैरान करने वाला था। दुकान का सारा सामान फर्श पर अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत गल्ले की जांच की, तो उसमें से करीब 20 हजार रुपये की नकदी नदारद थी। इसके अलावा दुकान में बिक्री और सजावट के लिए टंगे 500-500 रुपये के नोटों के दो शगुन वाले हार और अन्य सामान भी गायब मिला।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ नकाबपोश चोर
दुकान में हुई चोरी का पता चलते ही आसपास के व्यापारी भी मौके पर जमा हो गए। हर्ष गुप्ता ने जब अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें एक नकाबपोश चोर की करतूत साफ नजर आई। सीसीटीवी में दिख रहा है कि चेहरे पर कपड़ा लपेटे एक व्यक्ति बड़े इत्मीनान से दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम देकर निकल गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
घटना की सूचना तुरंत शहर जगाधरी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी महेश ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिध युवक की पहचान करने में जुटी है और दावा किया जा रहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बिगड़ा मौसम, 10 जिलों में आज झमाझम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

