Ambala Controversy: हरियाणा के अंबाला में सोशल मीडिया पर जातिगत और धार्मिक भावनाओं को भड़काने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सेक्टर-9 थाना पुलिस ने फेसबुक पर राजपूत समाज के इतिहास, माता पद्मावती और अन्य समाजों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजपूत समाज से जुड़े रितेंद्र राणा और प्रदीप सिंह राणा की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने 4 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 351(2), 352 और 353 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
माता पद्मावती और सवर्ण समाजों पर अमर्यादित टिप्पणियों से भड़का आक्रोश
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि किरण यादव नाम की यह महिला पिछले काफी समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजपूत समाज, उनके गौरवशाली इतिहास और माता पद्मावती के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रही थी। शिकायत में कहा गया है कि महिला की इन गतिविधियों से न केवल राजपूत समाज बल्कि हिंदू धर्म से जुड़े विभिन्न वर्गों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई कि इस तरह की भड़काऊ पोस्ट से क्षेत्र का सामाजिक सद्भाव और शांति व्यवस्था बिगड़ने का सीधा खतरा पैदा हो गया था।
समझाने गए तो पति-पुत्र के साथ मिलकर मारपीट और धमकी देने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत में एक और गंभीर दावा किया गया है। रितेंद्र और प्रदीप का कहना है कि जब समाज के कुछ प्रबुद्ध लोग महिला को इस तरह की विवादित पोस्ट न करने की हिदायत देने और समझाने उसके घर पहुंचे, तो महिला ने उलटे बहस शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान महिला ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर समझाने आए लोगों के साथ हाथापाई और मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने और झूठे लूटपाट के मामले में फंसाने की धमकियां भी दी गईं।
जंडली से पुलिस को सौंपने का दावा, फेसबुक पोस्ट में बनिया-ब्राह्मण समाज पर भी निशाना
घटनाक्रम से जुड़े एक सोशल मीडिया मैसेज में दावा किया गया कि किरण यादव काफी समय से राजपूत, ब्राह्मण और बनिया समाज के साथ-साथ हिंदू देवी-देवताओं पर अनर्गल बयानबाजी कर रही थी। दावों के मुताबिक, आक्रोशित लोगों ने महिला को अंबाला के जंडली इलाके से ढूंढकर पुलिस के सुपुर्द किया। महिला की एक फेसबुक पोस्ट में खुद को ‘सरस्वती अवतार’ बताते हुए देश की 85 प्रतिशत आबादी से जुड़े भड़काऊ बयान लिखे गए थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वह सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की अलग से पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, तथ्यों के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
सेक्टर-9 थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और महिला के फेसबुक अकाउंट की गतिविधियों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर हुई कथित मारपीट, सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायत में दर्ज तथ्यों की गहराई से जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें – हरियाणा में 6 दिन तक रहेगा दो पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश के साथ दस्तक देगी गुलाबी ठंड

