September 18, 2026

Barara News: बराड़ा में नशे में धुत चालक ने मचाया कोहराम, बाइक और ई-रिक्शा को उड़ाया, हादसे में 6 लोग गंभीर घायल

0
Barara News: बराड़ा में नशे में धुत चालक ने मचाया कोहराम, बाइक और ई-रिक्शा को उड़ाया, हादसे में 6 लोग गंभीर घायल

बराड़ा में नशे में धुत चालक ने मचाया कोहराम, बाइक और ई-रिक्शा को उड़ाया

Barara News: बराड़ा इलाके में अधोया-थाना छप्पर मार्ग पर बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक बेकाबू कार चालक ने सड़कों पर यमदूत बनकर गाड़ियां उड़ानी शुरू कर दीं। सीवनमाजरा पेट्रोल पंप के पास करीब आठ बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों और ई-रिक्शा में सवार एक ही परिवार के सदस्यों सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा टूटकर बिखर गया और कार के भी परखच्चे उड़ गए।

पहले बाइक को पीछे से ठोका, फिर सामने से आ रहे ई-रिक्शा पर चढ़ा दी गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थाना छप्पर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार को चालक पूरी तरह से गंवा चुका था। पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही कार ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार डेरा सलीमपुर निवासी साहिल और राहुल उछलकर दूर जा गिरे।

इतने से भी कार सवार की रफ्तार नहीं थमी। बाइक को उड़ाने के तुरंत बाद कार ने सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा को सीधे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा हाईवे पर पलट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ों में जा घुसी, जिससे कार चालक भी स्टीयरिंग के बीच फंस गया।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीर, डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

धमाके जैसी आवाज और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। ई-रिक्शा में सवार शाहबाद के मदनपुर निवासी मलकीत अपनी पत्नी कांता और तीन बच्चों के साथ सारन गांव जा रहे थे। इस हादसे में मलकीत, उनकी पत्नी, बेटा और ई-रिक्शा चालक तलहेड़ी रांगडान निवासी सुशील कुमार लहूलुहान हो गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी सुभाष चंद और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे चालक नरेंद्र कुमार (निवासी कैथल) को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत बराड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सड़क पर लगा लंबा जाम, थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद अधोया-थाना छप्पर मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकरण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड करवाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में कार चालक नरेंद्र के नशे में होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और घायलों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदला मौसम, हिसार समेत 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed