September 24, 2026

Barnala Breaking : रिश्वतखोरी से तंग युवक ने थाने में निगला जहर, हालत गंभ्रीर

0
Barnala Breaking : रिश्वतखोरी से तंग युवक ने थाने में निगला जहर, हालत गंभ्रीर

रिश्वतखोरी से तंग युवक ने थाने में निगला जहर, हालत गंभ्रीर

Barnala Breaking :  पंजाब के बरनाला जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां व्यवस्था की मार से आजिज़ आकर एक युवक ने पुलिस थाने के भीतर ही मौत को गले लगाने की कोशिश की। गुरुवार सुबह धनौला थाने में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब गांव भट्ठलां के रहने वाले जोबनप्रीत सिंह ने कथित तौर पर जहरीली स्प्रे गटक ली।

घटना से ठीक पहले जोबनप्रीत ने मोबाइल पर एक तीन मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसने पुलिस महकमे और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो में उसने पुलिस अधिकारियों और राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर सरेआम प्रताड़ित करने और रिश्वत मांगने के संगीन इल्जाम लगाए हैं।

कार के बीमा क्लेम के लिए काट रहा था चक्कर

वीडियो में पीड़ित युवक ने अपनी दास्तां बयां करते हुए कहा कि उसकी स्विफ्ट कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई थी, जिसके 17 दिन बीत जाने के बाद भी उसे बीमा क्लेम के वास्ते जरूरी डीडीआर (DDR) रिपोर्ट नहीं मिल रही थी। जोबनप्रीत का आरोप है कि तपा थाने में तैनात मुंशी पम्मा इस काम के एवज में लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था और उसे यह कहकर डरा रहा था कि उसने खुद अपनी गाड़ी को आग लगाई है।

युवक का कहना था कि उसने मामले को सुलझाने के लिए पंचायत को भी बीच में बुलाया था, जहां एसएचओ मंजीत सिंह ने डीडीआर देने की बात भी कही थी, लेकिन मुंशी पम्मा अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।

पटवारी पर भी लगाया पांच लाख रुपये हड़पने का आरोप

मामला सिर्फ थाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वीडियो में युवक ने जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद का जिक्र करते हुए भ्रष्टाचार की परतें उघाड़ीं। उसने आरोप लगाया कि उसके बुजुर्गों ने लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अपनी जमीन का कब्जा हासिल किया था, लेकिन गुरविंदर नाम की एक पटवारी ने कथित तौर पर मिलीभगत करके गिरदावरियां बदल दीं और उसके संगरूर में रहने वाले चाचा के पक्ष में मुख्तियारनामा तैयार कर दिया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृहक्षेत्र धूरी का जिक्र करते हुए उसने दर्द बयां किया कि वहां भी एक पटवारी ने उससे पांच लाख रुपये वसूल लिए। वीडियो के अंत में उसने अपनी इस हालत के लिए मुंशी पम्मा, पटवारी गुरविंदर और एसएचओ मंजीत सिंह को जिम्मेदार ठहराया।

भाई के गंभीर आरोप और पुलिस प्रशासन का पक्ष

घटना के बाद पीड़ित युवक के भाई ने भी सामने आकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए। उसने आरोप लगाया कि जहर खाने की इस घटना के बाद थाने के एसएचओ मौके से खिसक गए और सबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल फोन तक छीन लिया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों ने फौरन थाने का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल मामले तूल पकड़ते देख बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम मीडिया के सामने आए।

उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जहरीला पदार्थ खाने वाले जोबनप्रीत सिंह को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसकी हालत अब स्थिर बनी हुई है। एसएसपी ने कहा कि युवक द्वारा उठाए गए पुलिस और राजस्व विभाग के सभी आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है, और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Gurdaspur News : विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने शाहपुर जाजन में जनता से किया सीधा संवाद

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed