Bhiwani News: मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन ( SIR Voter List Process Haryana) और कथित तौर पर मतदाताओं के नाम सूची से गायब किए जाने के विरोध में हरियाणा के भिवानी में सियासत गर्मा गई है। जिला मुख्यालय पर इंडिया गठबंधन के बैनर तले तमाम विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। पुराना बस स्टैंड से शुरू हुआ यह विरोध मार्च लघु सचिवालय तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने अपने सिर पर काली पट्टी बांधकर कड़ा रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला (Aditya Surajewala Bhiwani Protest) ने आरोप लगाया कि सोची-समझी रणनीति के तहत देश भर में गरीबों, अनुसूचित जातियों (SC), पिछड़े वर्गों (BC) और युवाओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।
गरीब और आम आदमी अपने वोट को कैसे बचाएगा: आदित्य सुरजेवाला
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक आदित्य सुरजेवाला ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को एक वोट का समान अधिकार दिया है, लेकिन मौजूदा प्रशासनिक प्रक्रिया के जरिए इस अधिकार को छीना जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि रसूखदार और बड़े लोगों को भी अपने कटे हुए वोट ठीक करवाने में एड़ियों का पसीना बहाना पड़ रहा है, तो एक गरीब और आम आदमी इस जटिल प्रक्रिया के बीच अपने मताधिकार को कैसे सुरक्षित रख पाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दस्तावेजों की पेचीदगियों में उलझाकर देश के युवाओं को मतदान प्रक्रिया से दूर करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
दिल्ली से लेकर जिला मुख्यालयों तक गूंज रहा विरोध, किसानों का मुद्दा भी छाया
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के तमाम दिग्गज पिछले कई दिनों से दिल्ली में इसी मुद्दे को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। (Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar Resignation) आंदोलन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर प्रशासनिक दबाव बनाने की कोशिशें भी हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद जनता के अधिकारों की यह लड़ाई थमेगी नहीं।
इस दौरान स्थानीय स्तर पर किसानों की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने रोष जताते हुए कहा कि आज मंडियों में किसानों के धान और बाजरे का समय पर उठान नहीं हो रहा है, जिससे उन्हें एमएसपी (MSP) के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज अन्नदाता, युवा और छोटा व्यापारी मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों से बुरी तरह त्रस्त हो चुका है और जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।
यह भी पढ़ें– Panipat Theft News: पानीपत में बेखौफ चोरों का कहर, कानड़ी और कुलदीप नगर में दो मकानों से लाखों के जेवर पार

