September 6, 2026

Bigg Boss 20 First Contestant: बिग बॉस 20 की पहली कंफर्म कंटेस्टेंट बनीं मनोज तिवारी की बेटी रीति, सलमान ने दी खास सलाह

0
Bigg Boss 20 First Contestant: बिग बॉस 20 की पहली कंफर्म कंटेस्टेंट बनीं मनोज तिवारी की बेटी रीति, सलमान ने दी खास सलाह

बिग बॉस 20 की पहली कंफर्म कंटेस्टेंट बनीं मनोज तिवारी की बेटी रीति, सलमान ने दी खास सलाह

Bigg Boss 20 First Contestant: टेलीविज़न का सबसे पसंदीदा और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर राज करने के लिए पूरी तरह तैयार है। बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान अपने वही पुराने स्वैग और तीखे अंदाज के साथ नए सीजन की कमान संभालेंगे। शो के ऑन-एयर होने से पहले मेकर्स ने सोशल मीडिया पर प्रीमियर नाइट की झलकियां शेयर करना शुरू कर दिया है, जिससे घर में कैद होने वाले कंटेस्टेंट्स के नामों से पर्दा उठने लगा है। इस नए सीजन की पहली आधिकारिक कंटेस्टेंट के रूप में रीति तिवारी का नाम सामने आया है, जो मशहूर गायक, अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी हैं।

बेटी को छोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी, सलमान ने ली चुटकी

मेकर्स द्वारा जारी किए गए ताजा प्रोमो में स्टेज पर गजब का माहौल देखने को मिल रहा है। रीति तिवारी की एंट्री कराने के लिए उनके पिता मनोज तिवारी खुद स्टेज पर पहुंचे। मनोज तिवारी ने अपने मशहूर लोकगीत और अंदाज के साथ एंट्री ली, जिसे देखते ही सलमान खान अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

सलमान ने पुराने दिनों की याद ताजा करते हुए चुटकी ली और कहा, “ऐसा तो नहीं कि हमने तथास्तु बोला और आप सोच रहे हैं कि बिग बॉस में दो-दो बार आ सकते हैं?” इस पर हंसते हुए मनोज तिवारी ने जवाब दिया कि वह इस बार खुद खेलने नहीं, बल्कि अपनी बेटी को ‘बिग बॉस’ के दरबार में छोड़ने आए हैं।

‘अंडे पर झगड़ा मत करना’, सलमान की नसीहत पर क्यों छिपे मनोज तिवारी?

स्टेज पर रीति तिवारी ने मुस्कुराहट और हाथ जोड़कर ग्रैंड एंट्री की। अपनी सुरीली आवाज से उन्होंने सलमान खान को भी काफी प्रभावित किया। हालांकि, घर के भीतर भेजने से पहले सलमान खान ने रीति को एक बड़ी और मजेदार हिदायत दे डाली। सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा, “घर के अंदर जाकर कभी अंडे को लेकर झगड़ा मत करना।”

यह सुनते ही मनोज तिवारी ने अपना चेहरा हाथों से छिपा लिया, क्योंकि ‘बिग बॉस 4’ के दौरान मनोज तिवारी का अंडे को लेकर हुआ झगड़ा शो के इतिहास के सबसे चर्चित विवादों में से एक रहा है। इसके बाद सलमान ने रीति से कहा, “बाप पर मत जाना”, जिस पर रीति ने ठहाका लगाते हुए कहा, “बिल्कुल, बाप पर नहीं जाना है।”

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्रोमो, फैंस में दिखा जबरदस्त क्रेज

प्रोमो के सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। ‘बिग बॉस’ के फैंस रीति तिवारी की सादगी और आत्मविश्वास की जमकर तारीफ कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस बार 18 अलग-अलग क्षेत्रों के कंटेस्टेंट्स के बीच ट्रॉफी के लिए जंग देखने को मिलेगी। रीति तिवारी की एंट्री के बाद अब दर्शकों की दिलचस्पी इस बात में बढ़ गई है कि इस बार घर में उनके साथ और कौन-कौन से बड़े चेहरे नजर आने वाले हैं।

यह भी पढ़ें– ‘बिग बॉस 20’ के सेट पर भड़के सलमान खान, पैपराजी को लगाई कड़क डांट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *