Former ADC Major Rishabh Sambyal: भारतीय सेना के एलीट पैरा स्पेशल फोर्सेज का हिस्सा रहे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व एडीसी (ADC) मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल (सेवानिवृत्त) ने एक बार फिर सभी को चौंका दिया है। महज 30 साल की उम्र में सेना से प्री-मैच्योर रिटायरमेंट (PMR) लेकर चर्चा में आए ऋषभ ने अब ग्लैमर और स्ट्रीटवियर फैशन की दुनिया में अपनी नई पारी की शुरुआत की है। अपनी जबरदस्त पर्सनैलिटी और मिलिट्री टशन के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व मेजर ने लग्जरी स्ट्रीटवियर ब्रांड ‘बॉन्कर्स कॉर्नर’ के साथ अपनी पहली कमर्शियल मॉडलिंग डील साइन की है।
‘MAJ RISHABH (RETD.) X BONKERS’ कैंपेन का इंटरनेट पर जलवा, अनुष्का सेन संग दिखेंगे साथ
फैंस के बीच ‘नेशनल क्रश’ के रूप में लोकप्रिय हुए ऋषभ सांब्याल का ‘MAJ RISHABH (RETD.) X BONKERS’ नाम से नया कलेक्शन ब्रांड के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर छाया हुआ है। इस कैंपेन में वे 24 वर्षीय अभिनेत्री अनुष्का सेन, शार्क टैंक फेम नमिता थापर और बॉन्कर्स कॉर्नर के फाउंडर शुभम गुप्ता के साथ नजर आ रहे हैं। इस एड कैंपेन की थीम ‘कमाई का फल, उधार का नहीं’ रखी गई है, जो नकली प्रोडक्ट्स के खिलाफ असली मेहनत और काबिलियत का संदेश देती है। फोटोशूट में पूर्व मेजर का फौजी अंदाज देखकर सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें बॉलीवुड फिल्मों में काम करने की सलाह तक दे रहे हैं।
4 पैरा स्पेशल फोर्सेज से राष्ट्रपति भवन तक का गौरवशाली सफर
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के एक प्रतिष्ठित डोगरा राजपूत सैन्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले ऋषभ सांब्याल वर्ष 2013 में एनडीए (NDA) ट्रेनिंग पूरी कर भारतीय सेना का हिस्सा बने थे। लगभग 12 साल के अपने सर्विस करियर के दौरान वे जाट रेजिमेंट का हिस्सा रहे और 2021 की गणतंत्र दिवस परेड में उन्होंने ‘बेस्ट मार्चिंग कंटिंजेंट’ का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वे सेना की सबसे घातक कमांडो यूनिट ‘4 पैरा स्पेशल फोर्सेज’ (डैगर्स) का हिस्सा बने, जहां उन्हें प्रतिष्ठित ‘बलिदान बैज’ से नवाजा गया। मार्च 2023 में वे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एडीसी नियुक्त हुए, हालांकि पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते बाद में उन्होंने सेना से अर्ली रिटायरमेंट ले लिया।
मिलिट्री डिसिप्लिन और स्ट्रीटवियर का अनोखा फ्यूजन
सेना से बाहर आने के बाद ऋषभ सांब्याल ने मोटिवेशनल स्पीकिंग और कंटेंट क्रिएशन में अपनी पहचान बनाई है। ‘शार्क टैंक इंडिया’ से फंडेड बॉन्कर्स कॉर्नर द्वारा एक अनुशासित पूर्व सैन्य अधिकारी को अपने ब्रांड का चेहरा बनाना यूथ फैशन मार्केट में एक नया ट्रेंड स्थापित कर रहा है। मिलिट्री अनुशासन, स्पेशल फोर्सेज के एटीट्यूड और आधुनिक स्ट्रीटवियर के इस अनोखे संगम को युवा खूब पसंद कर रहे हैं। मॉडल के रूप में मेजर सांब्याल की यह नई शुरुआत साबित करती है कि अनुशासन और स्टाइल का तालमेल किसी भी क्षेत्र में नया मुकाम हासिल कर सकता है।
यह भी पढ़ें– तुमसे घटिया आदमी कोई नहीं…’: सलमान खान ने वीकेंड का वार में लगाई स्काउट ओपी की क्लास


