Chandigarh Crime News: चंडीगढ़ में एक्टिवा चोरी के आरोप में दो युवक पकड़े, लोगों ने हाथ-पैर बांधकर पीटा
मटौर में कॉपर वायर चोरी से खुला एक्टिवा का राज
Chandigarh Crime News: चंडीगढ़ के मलोया में एक्टिवा चोरी के आरोप में दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार रात घर के बाहर से एक्टिवा चोरी की थी और बाद में इसी वाहन का इस्तेमाल मोहाली के मटौर में कॉपर वायर चोरी करने के लिए किया। CCTV फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान होने के बाद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके हाथ–पैर बांधकर मौके पर बैठा दिया। घटना की सूचना मिलने पर पीसीआर मौके पर पहुंची। उस समय दोनों युवक हाथ–पैर बंधे हुए लोगों के बीच बैठे थे और एक पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद था। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है कि एक्टिवा और कॉपर वायर चोरी की वारदात में उनके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
मोहाली के मटौर में कॉपर वायर चोरी होने के बाद चोरी की घटना की CCTV फुटेज चेक की गई। फुटेज में दो युवक चंडीगढ़ नंबर की एक्टिवा पर आते दिखाई दिए और कॉपर वायर चोरी करने के बाद उसी एक्टिवा से वहां से निकल गए। CCTV में एक्टिवा का नंबर दिखाई देने के बाद पुलिस ने उसके मालिक तक पहुंचने की कोशिश की। जांच में वाहन का पता मलोया के चार नंबर मकान तक पहुंचा।
मालिक ने बताया– बुधवार रात घर के बाहर से चोरी हुई थी एक्टिवा
जब एक्टिवा के मालिक संजय से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उसकी एक्टिवा बुधवार रात घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इसके बाद संजय ने अपने घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दो युवक उसकी एक्टिवा चोरी करके ले जाते दिखाई दिए। दोनों युवक उसके घर से कुछ दूरी पर ही रहते थे। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई।
पहचान होने के बाद दोनों युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। उनसे एक्टिवा चोरी के बारे में पूछताछ की गई तो दोनों ने शुरुआत में चोरी करने से इनकार किया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ किए जाने पर दोनों ने एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने यह भी बताया कि इसी एक्टिवा से मोहाली के मटौर में कॉपर वायर चोरी की थी।
लोगों ने बांधे हाथ–पैर, पीसीआर पहुंची मौके पर
चोरी की बात सामने आने के बाद लोगों ने दोनों युवकों के हाथ–पैर बांध दिए और उन्हें मौके पर ही बैठा दिया। इस दौरान वहां आसपास के लोग जमा रहे और दोनों युवकों के साथ मारपीट भी की गई। किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पीसीआर मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी के सामने भी दोनों युवक हाथ–पैर बंधे हुए बैठे थे।
पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि एक्टिवा चोरी और मटौर में हुई कॉपर वायर चोरी में केवल यही दोनों युवक शामिल थे या उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था। पुलिस पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
