Chandigarh Crime News: नशे के कारोबार से होने वाली कमाई आखिर कहां जाती है? सेक्टर-26 पुलिस की कार्रवाई में इसका एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पुलिस का दावा है कि हेरोइन की कथित बिक्री से कमाए पैसों से घर का सामान तक खरीदा जा रहा था। पुलिस ने टिंबर मार्केट में सीमेंट स्टोर के पास से 19 वर्षीय युवक प्रिंस को 6.64 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आशा नामक महिला को भी पकड़ा गया। उसके पास से नशीले पदार्थ की तौल वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन के अलावा एसी, एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस के मुताबिक प्रिंस सेक्टर-26 के बीडीसी क्षेत्र का रहने वाला है। छह अक्तूबर को टिंबर मार्केट में सीमेंट स्टोर के पास उसकी तलाशी ली गई तो पॉलीथिन में हेरोइन मिली। पॉलीथिन समेत वजन 7.53 ग्राम था, जबकि जांच में हेरोइन की वास्तविक मात्रा 6.64 ग्राम निकली। इसके बाद सेक्टर-26 थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया।
मामले की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को नशे की तौल से लेकर उसकी कथित कमाई खर्च करने तक की कड़ी मिली। पुलिस के अनुसार प्रिंस के बयान के आधार पर सात अक्तूबर को आशा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन मिली, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नशीले पदार्थ की तौल में किया जाता था। इसके साथ एसी, एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन भी बरामद हुईं। पुलिस का कहना है कि इन सामानों को कथित ड्रग मनी से खरीदा गया था। पुलिस की जांच अब यह पता लगाने पर केंद्रित है कि प्रिंस तक हेरोइन कौन पहुंचाता था और वह आगे किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि नशे की कथित कमाई से और क्या-क्या खरीदा गया और इस नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हैं। बरामद नशीले पदार्थ, तौल मशीन और घरेलू सामान को जब्ती मेमो के जरिये कब्जे में लिया गया है। प्रिंस को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मॉडल जेल भेज दिया गया है, जबकि आशा का एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान पुलिस हेरोइन के स्रोत और सप्लाई चैन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक प्रिंस का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। आशा के खिलाफ 2013 और 2014 में चोरी से जुड़े मामले दर्ज होने का रिकॉर्ड बताया गया है।

