Faridkot Father Son Suicide : मृतकों की पहचान 60 वर्षीय रिटायर्ड फौजी अमर नाथ सिंह और उनके 22 वर्षीय बेटे सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात घर में किसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच तीखी बहस और झगड़ा हुआ था।
अमर नाथ सिंह अपने बेटे सोनू की नशे की बुरी लत से बेहद परेशान थे और इसी वजह से वे उसे कोई भी संपत्ति या पैसे देने से लगातार मना कर रहे थे। दूसरी ओर, बेटा सोनू लगातार अपने हिस्से की संपत्ति मांग रहा था ताकि वह अपनी मर्जी से पैसे खर्च कर सके। पिता के इंकार करने पर बात इतनी बढ़ गई कि घर में हंगामा खड़ा हो गया।
बेटे को जहर खाता देख पिता ने भी उठाया खौफनाक कदम
विवाद के दौरान जब पिता ने पैसे और संपत्ति देने से साफ इंकार कर दिया, तो गुस्से में आकर बेटे सोनू ने घर में रखा सल्फास निकाल लिया और उसे निगल लिया। परिवार के लोगों ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
अपने बेटे को आंखों के सामने जहर निगलता देख पिता अमर नाथ सिंह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके। गहरे मानसिक तनाव और दुख में उन्होंने भी खुद जहर गटक लिया। उस वक्त घर में अमर नाथ की पत्नी और अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत पड़ोसियों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध किया।
अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
परिजनों ने आनन-फानन में दोनों पिता-पुत्र को गोनियाना मंडी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बठिंडा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों की सांसें थम गईं।
इस पूरे परिवार का इतिहास भी काफी दर्दनाक रहा है। करीब 30 साल पहले अमर नाथ की पहली पत्नी का निधन हो गया था, जिनसे उनकी एक बेटी थी। कुछ समय बाद अमर नाथ के छोटे भाई की भी मौत हो गई, जो अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गए थे। परिवार की भलाई के लिए अमर नाथ ने अपने छोटे भाई की विधवा से शादी कर ली थी, जिनसे उनका बेटा सुखविंदर पैदा हुआ था।
जैतो के डीएसपी इकबाल सिंह संधू ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और रिपोर्ट तथा बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

