August 8, 2026

Fatehabad News: टोहाना में चलती स्विफ्ट कार बनी आग का गोला, कूदकर बचाई दो युवकों ने जान

0
Fatehabad News: टोहाना में चलती स्विफ्ट कार बनी आग का गोला, कूदकर बचाई दो युवकों ने जान

टोहाना में चलती स्विफ्ट कार बनी आग का गोला, कूदकर बचाई दो युवकों ने जान

Fatehabad News: हरियाणा के टोहाना क्षेत्र में चांदपुरा गांव के पास देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घग्गर साइफन सड़क मार्ग से गुजर रही एक स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक चलती गाड़ी में भीषण आग लग गई। कार से लपटें उठती देख सवार युवकों के हाथ-पांव फूल गए, लेकिन उन्होंने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते पूरी कार आग के विकराल गोले में तब्दील हो गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई।

मुदलिया जा रहे थे मौलवी और उनके भाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नूंह जिले के गांव टियापति के रहने वाले साजिद खान टोहाना के मुदलिया गांव स्थित मक्का मस्जिद में मौलवी के रूप में कार्यरत हैं। देर रात वह अपने मामा के बेटे जाहिद खान के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर घग्गर साइफन चांदपुरा के रास्ते मुदलिया गांव जा रहे थे। जब उनकी कार चांदपुरा गांव के पास पहुंची, तो अचानक बोनट की तरफ से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं।

कूदकर बचाई जान, देखते ही देखते खाक हुई कार

कार में आग लगती देख दोनों युवकों ने सूझबूझ का परिचय दिया और बिना एक पल गंवाए गाड़ी को सड़क किनारे रोककर बाहर छलांग लगा दी। उनके बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गाड़ी का सिर्फ ढांचा ही बचा था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस कर रही जांच

हादसे में राहत की बात यह रही कि दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं और कोई जनहानि नहीं हुई। शहर थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आग लगने के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें– Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में थाने के बाहर गोलियां चलाने वाला रोहित कातिया एनकाउंटर में गिरफ्तार, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed