Fatehabad News: हिसार-फतेहाबाद नेशनल हाईवे पर गांव भोड़ा होशनाक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। गुरुग्राम से सिरसा अपने घर लौट रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नई-नवेली टाटा सियारा कार (Tata Sierra Accident Haryana) को एक ट्रैक्टर ने साइड से सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया और कार का एक हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हालांकि, हादसे के ठीक वक्त कार के एयरबैग्स खुल जाने की वजह से इंजीनियर की जान बाल-बाल बच गई और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए आवाजाही प्रभावित हुई, जिसे बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू कराया गया।
दो महीने पहले ली थी नई कार, सुबह गुरुग्राम से निकले थे दीपेश
पीड़ित चालक की पहचान सिरसा के बरनाला रोड निवासी दीपेश के रूप में हुई है। दीपेश गुरुग्राम की एक नामी निजी कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्यरत हैं। दीपेश के मुताबिक, उन्होंने करीब दो महीने पहले ही नई टाटा सियारा खरीदी थी। वीरवार तड़के वह अपनी ड्यूटी खत्म कर कार से अकेले ही सिरसा अपने घर के लिए रवाना हुए थे।
हिसार पार करने के बाद जब वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे फतेहाबाद के भोड़ा होशनाक गांव के पास पहुंचे, तो अचानक साइड से एक ट्रैक्टर आ गया।
कार घुमाने का प्रयास रहा नाकाम, हाईवे पर लगा जाम
दीपेश ने बताया कि साइड से अचानक ट्रैक्टर को सामने आता देख उन्होंने तुरंत गाड़ी मोड़ने और हादसे को टालने की पूरी कोशिश की। लेकिन ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही बरतते हुए सीधे कार की कंडक्टर (Airbag Saved Life Incident) साइड में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही कार में लगे सुरक्षा एयरबैग्स खुल गए, जिससे दीपेश सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे की तेज आवाज सुनकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गईं। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों वाहनों को सड़क किनारे कराया गया और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया।
यह भी पढ़ें– Panipat Theft News: पानीपत में बेखौफ चोरों का कहर, कानड़ी और कुलदीप नगर में दो मकानों से लाखों के जेवर पार

