September 18, 2026

Gurugram Accident: गुरुग्राम में फरीदाबाद रोड पर बेकाबू ट्रक ने 11 गाड़ियों को रौंदा, ढलान पर फेल हुए थे ब्रेक

0
Gurugram Accident: गुरुग्राम में फरीदाबाद रोड पर बेकाबू ट्रक ने 11 गाड़ियों को रौंदा, ढलान पर फेल हुए थे ब्रेक

गुरुग्राम में फरीदाबाद रोड पर बेकाबू ट्रक ने 11 गाड़ियों को रौंदा, ढलान पर फेल हुए थे ब्रेक

Gurugram Accident: साइबर सिटी गुरुग्राम के घाटा टी-प्वाइंट के पास बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पत्थरों और कंक्रीट से भरा एक भारी-भरकम सीमेंट मिक्सचर ट्रक अचानक काल बनकर सड़क पर दौड़ने लगा। रात करीब 9:45 बजे घाटा टी-प्वाइंट से पारस क्वार्टियर्स की ओर उतर रही ढलान पर ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए।

चालक गाड़ी पर से पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर आगे चल रहे वाहनों को ताश के पत्तों की तरह उड़ाता हुआ निकल गया। इस भीषण हादसे में 7 कारें, 2 मोटरसाइकिलें और पत्थरों से लदा एक 50 टन का डंपर समेत कुल 11 वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मौत के मुंह से निकले लोग, क्रैश बैरियर पर चढ़ा डंपर

टक्कर इतनी भयानक थी कि मिक्सचर ट्रक की सीधी भिड़ंत सामने चल रहे पत्थरों से लदे डंपर से हुई। जोरदार धक्के के साथ डंपर सड़क किनारे लगे मजबूत लोहे के क्रैश बैरियर को उखाड़ते हुए खाई के मुहाने पर जाकर अटक गया। अगर डंपर क्रैश बैरियर पर न अटकता, तो वह सीधे गहरी खाई में जा गिरता।

वहीं दिल्ली के छतरपुर निवासी दानिश राजपूत की कार भी इस हादसे की चपेट में आकर पूरी तरह पिचक गई। दानिश अपनी क्लीनिक से लौट रहे थे; उन्होंने कांपती आवाज में बताया कि कार को पिसते देख उन्हें लगा कि अब बचना नामुमकिन है, लेकिन गाड़ी से बाहर निकलने पर उनके शरीर पर एक खरोंच तक नहीं थी। इस हादसे में कुल 9 लोग चोटिल हुए, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, हालांकि गनीमत रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई।

कई किलोमीटर तक लगा जाम, यात्रियों को चलना पड़ा पैदल

हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों का मलबा पूरी सड़क पर फैल गया, जिससे गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गाड़ियों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। देखते ही देखते घाटा टी-प्वाइंट से लेकर राजेश पायलट मार्ग तक कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। बाहर से आ रहे परिवारों और कैब यात्रियों को मजबूरन गाड़ियां छोड़कर आधी रात को अपने भारी-भरकम सामान के साथ पैदल ग्वाल पहाड़ी तक जाना पड़ा, जहां से उन्होंने दिल्ली व फरीदाबाद के लिए दूसरी गाड़ियां पकड़ीं। जाम में फंसे चालकों के मुताबिक लगभग दो से तीन घंटे तक गाड़ियां रेंगती रहीं और कई चालकों को गलत लेन से गाड़ियां निकालने पर मजबूर होना पड़ा।

ब्रेक गर्म होने से हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मिक्सचर ट्रक को ढलान पर दोबारा फिसलने से रोकने के लिए उसके पहियों के नीचे बड़े-बड़े पत्थर लगाए गए। इसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों और मलबे को सड़क से हटवाना शुरू किया। करीब रात 11:30 बजे के बाद एक लेन को चालू कराया जा सका और देर रात तक यातायात पूरी तरह सामान्य हो पाया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार ढलान पर चलने के कारण मिक्सचर ट्रक के ब्रेक ओवरहीट होकर फेल हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें–Rohtak News: रोहतक में खाकी के सामने गुंडागर्दी, नेकीराम कॉलेज के बाहर लाठी-डंडे चले, तमाशा देखती रही पीसीआर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed