Hansi Crime News: हरियाणा के हांसी में जींद रोड पर पुलिस की चौकसी रंग लाई है। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें रखे बैग देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। कार से कुल 1 करोड़ 56 लाख 49 हजार 500 रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद की गई है। गाड़ी में मौजूद तीन लोग इतनी बड़ी रकम के स्रोत और कागजात को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हांसी पुलिस ने बरामद राशि के मालिकाना हक और इसके अवैध स्रोत की जांच के लिए आयकर अन्वेषण निदेशालय (रोहतक) को आधिकारिक पत्र भेज दिया है।
जींद बाईपास पर मध्यरात्रि चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार के मुताबिक, 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि डीएसपी दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में जींद रोड पर विशेष नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान जींद बाईपास की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की संदिग्ध कार को इंस्पेक्टर सुनीता की अगुवाई में पुलिस टीम ने रुकवाया।
कार की मुस्तैदी से ली गई तलाशी में अंदर रखे दो बैगों से नोटों की गड्डियां बाहर निकलीं। गिनती करने पर कुल रकम 1,56,49,500 रुपये पाई गई। कार सवार युवकों की पहचान सिरसा निवासी मोहित, फतेहाबाद निवासी साहब सिंह और सिरसा निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। अनाज मंडी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई, सरकारी खजाने में जमा होगी रकम
पुलिस ने बरामद नकदी और इस्तेमाल की गई कार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत नियमानुसार जब्त कर थाना शहर हांसी के मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। इसके साथ ही पूरी रकम को जिला ट्रेजरी, हांसी में जमा कराने की प्रशासनिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
हांसी पुलिस का कहना है कि यह पैसा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी, इसकी हर कोण से जांच जारी है। आयकर विभाग की टीम भी जल्द ही हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर सकती है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

