August 7, 2026

Nilokheri News: हरियाणा में 11 से 13 अगस्त तक बिजली कर्मचारियों की हड़ताल, एग्री डिस्कॉम के विरोध में निगधु में हुंकार

0
Nilokheri News: हरियाणा में 11 से 13 अगस्त तक बिजली कर्मचारियों की हड़ताल, एग्री डिस्कॉम के विरोध में निगधु में हुंकार

हरियाणा में 11 से 13 अगस्त तक बिजली कर्मचारियों की हड़ताल

Nilokheri News: नीलोखेड़ी (महाबीर मैहला)।  हरियाणा में बिजली विभाग के प्रस्तावित निजीकरण को लेकर सरकार और कर्मचारियों के बीच तनातनी गहराती जा रही है। नीलोखेड़ी के तहत आने वाले निगधु सबडिवीजन कार्यालय में शुक्रवार, 7 अगस्त को संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने जोरदार गेट मीटिंग का आयोजन किया। तीसरे चरण के दूसरे दिन आयोजित इस प्रदर्शन में सब यूनिट स्तर के कर्मचारियों ने सरकार द्वारा ‘एग्री डिस्कॉम’ के नाम पर की जा रही निजीकरण की प्रक्रिया को आम जनता और कर्मचारियों के खिलाफ एक साजिश करार दिया।

जनता और कर्मचारियों दोनों के लिए नुकसानदायक है निजीकरण: सतपाल

गेट मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए सब यूनिट प्रधान सतपाल ने कड़े शब्दों में कहा कि वर्षों से कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके आम जनता तक बिजली सप्लाई बहाल रख रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। मंच संचालन कर रहे सह सचिव कृष्ण लाल और सब यूनिट प्रधान सतपाल ने स्पष्ट किया कि एग्री डिस्कॉम की आड़ में बिजली बोर्ड का निजीकरण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगा। यदि सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो कर्मचारी चुप बैठने वाले नहीं हैं।

11, 12 और 13 अगस्त को ठप रहेगा बिजली दफ्तरों का कामकाज

यूनिट नंबर-1 के सचिव राजेश वर्मा और सीए बालकिशन ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संयुक्त संघर्ष मोर्चा के दिशा-निर्देशों के तहत 11, 12 और 13 अगस्त को प्रदेश भर के बिजली कर्मचारी पूर्ण हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान सभी प्रशासनिक व तकनीकी कामकाज ठप रखे जाएंगे और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताया जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फिर भी हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो यह लड़ाई और उग्र रूप धारण करेगी।

अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक ने भारी संख्या में जताई एकजुटता

गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस शक्ति प्रदर्शन में सब यूनिट उपप्रधान पवन कुमार, कैशियर शेषनाथ यादव, संगठनकर्ता दीपक नागपाल, फोरमैन सतबीर, पवन कुमार, राजेश कुमार सहित सुरेंद्र, वीरभान, कुलदीप और रोहित यादव (सभी जेई) समेत दर्जनों लाइनमैन और दफ्तरी स्टाफ उपस्थित रहा। सभी कर्मचारियों ने एक सुर में 11 अगस्त से शुरू होने वाली हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें–  करनाल में 4 साल पुराने दुष्कर्म मामले में ऐतिहासिक फैसला, जींद के युवक को 20 साल की जेल 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed