Himachal Pradesh News: सिरमौर जिले में सड़क हादसा, बोलेरो कैंपर खाई में गिरी, 4 की मौत, डेडबॉडी लेकर लौट रहे थे

सिरमौर जिले में सड़क हादसा
Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के रेणुकाजी क्षेत्र में मंगलवार आधी रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। संगड़ाह-पलार सड़क पर गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत वाले 3 घायलों को नाहन मेडिकल कॉलेज और एक को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया।
हादसा रात करीब पौने एक बजे हुआ। बताया गया कि बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
रात एक बजे शुरू हुआ राहत–बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस रात करीब एक बजे राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सबसे पहले खाई में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को संगड़ाह अस्पताल भेजा गया। राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद खाई से चारों मृतकों के शव भी बाहर निकाले।
इन चार लोगों की हादसे में मौत
हादसे में राजेंद्र (37), देसराज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) की मौत हुई है। वहीं बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेंद्र और कपिल घायल हुए हैं।
कपिल बोलेरो कैंपर का ड्राइवर बताया गया है। हादसे में घायल सभी लोग संगड़ाह क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जगदीश शर्मा की डेडबॉडी लेकर लौट रहे थे
हादसे के पीछे की परिस्थितियों में एक दर्दनाक वजह भी सामने आई है। गांव के ही जगदीश शर्मा का मंगलवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। इसके बाद ये लोग बोलेरो कैंपर में सवार होकर उनकी डेडबॉडी लेकर रात में गांव लौट रहे थे।
गांव लौटते समय गतलोग के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद गांव में एक साथ दो घटनाओं का दुख छा गया।
SHO बोले– ड्राइवर की लापरवाही से हादसा होने की प्रारंभिक जानकारी
संगड़ाह के SHO प्रीतम सिंह ने बताया कि सभी मृतकों के शव खाई से निकाल लिए गए हैं। मृतकों का पोस्टमार्टम आज संगड़ाह में कराया जाएगा।
SHO के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में हादसा ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ लगता है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
चार घायलों को रेफर किया गया
हादसे में घायल 9 लोगों को संगड़ाह अस्पताल लाया गया था। इनमें गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि एक घायल को PGI चंडीगढ़ भेजा गया है।
बाकी घायलों का संगड़ाह अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे की जांच के साथ वाहन के अनियंत्रित होने की वजह भी पता कर रही है।
