August 12, 2026

Hisar Jeevan Murder Case: नौ दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार, परिजनों के समर्थन में पहुंचे राकेश टिकैत

0
Hisar Jeevan Murder Case: नौ दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार, परिजनों के समर्थन में पहुंचे राकेश टिकैत

नौ दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार, परिजनों के समर्थन में पहुंचे राकेश टिकैत

Hisar Jeevan Murder Case: हिसार में डेयरी संचालक जीवन की बर्बरता से की गई हत्या के नौ दिन बाद भी मुख्य साजिशकर्ता और हत्यारे पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। इस ढिलाई से नाराज पीड़ित परिवार और सर्वसमाज के लोग शव का अंतिम संस्कार किए बिना लघु सचिवालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। बुधवार को किसान नेता राकेश टिकैत हिसार पहुंचे और धरना स्थल पर परिजनों से मुलाकात कर आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया।

धरना स्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए टिकैत ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ परिवार नौ दिनों से अपने आत्मीय के शव को लेकर न्याय की गुहार लगा रहा है, और दूसरी तरफ पुलिस महकमा सिर्फ आश्वासन दे रहा है। टिकैत ने तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा सरकार को कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से सीख लेनी चाहिए और अपराधियों पर उसी तर्ज पर नकेल कसनी चाहिए।

डीजीपी से गुहार और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार को घेरा

राकेश टिकैत ने स्पष्ट किया कि मुख्य आरोपियों की धरपकड़ में हो रही देरी को लेकर वह खुद हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखेंगे। उन्होंने स्थानीय महापंचायत के हर फैसले में साथ खड़े रहने की बात दोहराई। बातचीत के दौरान टिकैत केंद्र सरकार पर भी बरसे और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार विदेशी दबाव में काम कर रही है। उन्होंने युवाओं और किसानों से अपील की कि वे अन्याय के खिलाफ सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करें।

इधर, स्थानीय किसान नेताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों का गुस्सा भी सातवें आसमान पर है। किसान नेता सुरेश कोथ ने चेतावनी दी कि यदि मुख्य आरोपियों को तुरंत सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो हिसार की धरती पर एक विशाल महापंचायत बुलाई जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से हर वर्ग के लोग हिस्सा लेंगे। पूर्व मंत्री छतर पाल ने भी पुलिस की ढीली कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जांच की गति पर सवाल खड़े किए हैं।

50 हजार का इनाम और 10 टीमों का दावा, फिर भी पकड़ से बाहर मुख्य आरोपी

मामले को लगातार तूल पकड़ता देख जिला पुलिस प्रशासन भी बैकफुट पर नजर आ रहा है। हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ जैन के मुताबिक, फरार चल रहे मुख्य आरोपियों पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों की संभावित ठिकानों पर दबिश के लिए पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें दिन-रात काम कर रही हैं।

पुलिस का दावा है कि इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े तीन सह-आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, परिजनों और प्रदर्शनकारियों की जिद साफ है कि जब तक मुख्य हत्यारे शिकंजे में नहीं आते और न्याय की गारंटी नहीं मिलती, तब तक न तो धरना समाप्त होगा और न ही जीवन का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें– Gurugram News: गुरुग्राम की जलमग्न सड़क पर उतरे CARS24 की नाव, पुलिस ने सीज कर ठोका ₹50,000 का चालान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed