Hisar Roadways Strike Day 3: हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुरू हुई कर्मचारियों की चक्का जाम हड़ताल सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। रविवार को रोडवेज प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई दौर की वार्ता पूरी तरह बेनतीजा रही। गतिरोध न टूटने के कारण डिपो से निकलने वाली सभी बसों के पहिए थमे हुए हैं, जिससे जिले भर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
ग्रामीण रूटों पर हाहाकार: निजी बसें और ऑटो वाले वसूल रहे मनमाना किराया
हड़ताल का सबसे घातक असर आम यात्रियों और रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। हिसार से हांसी, उकलाना, आदमपुर, बरवाला जैसे लोकल व ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन बंद होने से करीब 30 हजार से अधिक लोग सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं। बस स्टैंड पर यात्री घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बसें न मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
इस स्थिति का फायदा उठाकर निजी बस चालक, टैक्सी और ऑटो वाले यात्रियों से मनमाना किराया वसूल कर उनकी जेब पर डाका डाल रहे हैं।
रोडवेज को ₹54 लाख से ज्यादा का फटका, ई-बस सेवा के भी 120 फेरे रद्द
बसों का संचालन बंद रहने से हरियाणा रोडवेज को भारी वित्तीय चपत लग रही है। डिपो को प्रतिदिन औसतन ₹18 लाख के राजस्व का नुकसान हो रहा है, जो तीन दिनों में बढ़कर ₹54 लाख से अधिक पहुंच चुका है। इतना ही नहीं, शहर के भीतर प्रदूषण मुक्त सफर देने वाली 50 ई-बसों के पहिए भी डिपो में ही थम गए हैं। ई-बसों के रोजाना करीब 120 फेरे मिस हो रहे हैं, जिससे नगर निगम और परिवहन विभाग को प्रतिदिन ₹50 हजार का अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लिखित समाधान पर अड़े कर्मचारी: जीएम राहुल मित्तल के साथ बैठक बेनतीजा
हड़ताल को खत्म कराने के लिए रोडवेज जीएम राहुल मित्तल और टीएम प्रीतम सिवाच ने यूनियन के आला नेताओं के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की। प्रबंधन ने कर्मचारियों को काम पर लौटने की अपील की, लेकिन यूनियन प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया कि केवल मौखिक आश्वासनों से बात नहीं बनेगी। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का ठोस और लिखित समाधान नहीं दिया जाता, तब तक डिपो से एक भी बस बाहर नहीं निकलेगी। गतिरोध कायम रहने से आने वाले दिनों में यात्रियों की परेशानियां और बढ़ने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें–Sirsa Roadways Strike: सिरसा में रोडवेज बसों का चक्का जाम, 100 से ज्यादा बसें ठप

