INDIA bloc protest: दिल्ली में पिछले दो दिनों से विपक्ष के विरोध प्रदर्शन का तरीका लगभग एक जैसा दिखाई दे रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे विपक्षी सांसदों को लंच पर बुला रहे हैं। लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA ब्लॉक के दूसरे दलों के सांसद बसों में बैठकर विरोध प्रदर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं। बुधवार को विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर गए थे। वहां प्रदर्शन की कोशिश के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। गुरुवार को विपक्ष ने प्रदर्शन के लिए राजघाट का रुख किया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि राजघाट पहुंचने के बाद पुलिस और प्रशासन का रुख क्या रहता है। राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी और TMC समेत विपक्षी दलों के सांसद भी मौजूद हैं। विपक्षी सांसद SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं।
खड़गे बोले- बापू से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे
राजघाट के लिए रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्षी सांसद महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर बापू से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे। विपक्ष का कहना है कि उसकी लड़ाई सिर्फ किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। विपक्षी सांसदों की दूसरी लंच मीटिंग के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे समेत INDIA ब्लॉक के सांसद गांधी स्मृति में धरना देने के लिए बस से रवाना हुए। इस दौरान विपक्षी दलों के कई सांसद एक साथ दिखाई दिए। कांग्रेस इसे विपक्षी एकजुटता के तौर पर पेश कर रही है। सपा और TMC समेत अलग-अलग विपक्षी दलों के नेताओं की मौजूदगी से साफ है कि SIR और वोटर लिस्ट का मुद्दा अब संसद के बाहर भी विपक्ष के साझा विरोध का हिस्सा बन गया है।
कांग्रेस बोली- लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई
कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को उनके मतदान के अधिकार से अवैध तरीके से वंचित किए जाने की कोशिश हो रही है। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई जारी है। लोगों को उनके मतदान के अधिकार से अवैध रूप से वंचित किए जाने से बचाने की लड़ाई जारी है। इस लड़ाई में सत्य की जीत होगी।”
विपक्षी दल SIR के जरिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया में अगर मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जाते हैं तो इसका सीधा असर उनके मतदान के अधिकार पर पड़ेगा। इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई के बाद गुरुवार को विपक्ष ने प्रदर्शन का स्थान बदलकर राजघाट किया है। ऐसे में आज का प्रदर्शन राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है। विपक्षी सांसद महात्मा गांधी की समाधि पर पहुंचकर अपने विरोध को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जोड़ रहे हैं।

