Kurukshetra Crime News: कुरुक्षेत्र में पिस्टल तानकर झपटी सोने की बाली, तो बदमाशों से भिड़ गई महिला और बच्चे; लहूलुहान होकर भी बचाई दूसरी बाली
कुरुक्षेत्र में पिस्टल तानकर झपटी सोने की बाली, तो बदमाशों से भिड़ गई महिला और बच्चे
Kurukshetra Crime News: कुरुक्षेत्र जिले में अंबाला-हिसार हाईवे पर दिनदहाड़े बदमाशों के हौसले पस्त करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गांव चम्मू कलां की रहने वाली बेअंत कौर अपने दो मासूम बच्चों के साथ पैदल घर लौट रही थीं, तभी 152डी एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट वाले पुल के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने महिला के सिर पर सीधी रिवाल्वर तान दी और झपट्टा मारकर उनके कान से सोने की बाली उखाड़ ली। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसकी उम्मीद शायद उन लुटेरों ने भी नहीं की होगी।
अचानक हुए इस हमले से घबराने के बजाय महिला बदमाशों से सीधे भिड़ गई। जब लुटेरों ने उनके दूसरे कान की बाली पर हाथ डाला, तो बेअंत कौर ने उनके हाथ झटक दिए। मां को इस तरह खतरे में देख उनके दोनों मासूम बच्चे भी बिना डरे बदमाशों के सामने ढाल बनकर खड़े हो गए। बौखलाए नकाबपोश ने डराने के लिए मासूम बेटे के सिर पर भी पिस्टल तान दी, लेकिन मां-बच्चों का हौसला डिगा नहीं और वे लगातार शोर मचाते हुए बदमाशों से हाथापाई करते रहे।
कान से बहता रहा खून, लेकिन दूसरी बाली नहीं ले जा सके लुटेरे
बदमाशों की जोर-जबरदस्ती में महिला का एक कान बुरी तरह फट गया और उससे खून बहने लगा। इसके बावजूद बेअंत कौर और उनके बच्चों ने बदमाशों को दूसरी बाली पर हाथ तक नहीं लगाने दिया। दिनदहाड़े बीच सड़क पर मां और बच्चों का यह रौद्र रूप और तीखा विरोध देखकर हथियारबंद बदमाशों के हाथ-पांव फूल गए। पकड़े जाने के डर से तीनों नकाबपोश आनन-फानन में अपनी बाइक पर सवार होकर इस्माइलाबाद की तरफ रफूचक्कर हो गए।
वारदात के तुरंत बाद पीड़िता ने सड़क से गुजर रहे लोगों की मदद से परिजनों को संभाला और पुलिस को घटना की सूचना दी। प्राथमिक इलाज के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि भले ही बदमाशों के मुंह ढके हुए थे, लेकिन अगर वे उनके सामने आ जाएं तो वह उनकी कद-काठी और आंखों से उन्हें तुरंत पहचान लेंगी।
पुलिस और सीआईए की टीमें अलर्ट, खंगाले जा रहे हैं हाईवे के सीसीटीवी
हाईवे पर मां-बच्चों के साथ हुई इस दुस्साहसिक वारदात की खबर मिलते ही थाना इस्माइलाबाद पुलिस के साथ सीआईए (CIA) की विशेष जांच टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके की नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।
फिलहाल पुलिस 152डी एक्सप्रेसवे और अंबाला-हिसार हाईवे पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से महिला और बच्चों ने बहादुरी दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। आरोपियों का सुराग मिल चुका है और जल्द ही तीनों लुटेरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा से मानसून की विदाई, 21 जिलों में बदला मौसम, जानिए कब होगी बारिश
