Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सैनी ने स्थाणु महादेव मंदिर में किया रुद्राभिषेक, कुरुक्षेत्र में निकालेंगे पहली तिरंगा यात्रा

कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सैनी ने स्थाणु महादेव मंदिर में किया रुद्राभिषेक
Kurukshetra News: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से आज पूरे हरियाणा के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिपली से भव्य राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी इस यात्रा की अगुवाई की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सावन माह के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
पिपली से शहीदी स्मारक तक गूंजा ‘वंदे मातरम’
कुरुक्षेत्र में निकाली गई यह पहली राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा पिपली सेक्टर-2 से शुरू होकर पुलिस लाइन, नया बस अड्डा और द्रोणाचार्य स्टेडियम मार्ग से होते हुए लघु सचिवालय पहुंची। यात्रा का समापन शहीदी स्मारक पर हुआ, जहां मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों ने देश के वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। यात्रा के पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और ‘वंदे मातरम’ के नारों की गूंज सुनाई दी।
जन-जन का उत्सव है यह अभियान: मुख्यमंत्री
अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 17 अगस्त तक प्रदेश भर में ‘हर घर तिरंगा’ यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल कोई औपचारिक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक राष्ट्रीय पर्व है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से जोड़ना है।
14 अगस्त को याद की जाएगी विभाजन की विभीषिका
स्वतंत्रता दिवस समारोहों की शृंखला में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसका राज्य स्तरीय आयोजन गुरुग्राम में होना तय हुआ है। इससे एक दिन पहले, यानी 13 अगस्त को देश विभाजन की त्रासदी और यातनाओं को दर्शाती एक विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि 14 अगस्त की शाम को कैंडल लाइट मौन जुलूस निकालकर विभाजन में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- यमुनानगर में तेज रफ्तार ट्रक ने सरकारी शिक्षक को कुचला, छोटे भाई के सामने टूटीं सांसें
