Narnaul : मोती नगर आंगनवाड़ी केंद्र में हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन, स्त्री सशक्तिकरण पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान मौजूद डॉ. कृष्णा आर्या, वंदना यादव व अन्य।
Narnaul : सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मोती नगर आंगनवाड़ी केंद्र 1 में एक विशेष आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंदना यादव की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में पांच आंगनवाड़ी केंद्रों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध समाजसेविका एवं शिक्षाविद डॉ. कृष्णा कुमारी आर्या ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
डॉ. कृष्णा आर्या ने स्त्री सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया और समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन का आह्वान किया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाकर ही एक समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंदना यादव ने विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को प्रदान की जाने वाली त्वरित सहायता, सुरक्षा व मार्गदर्शन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी सांझा की।
उन्होंने बताया कि विभाग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके साथ ही उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी देते हुए बताया कि संकट या आपात स्थिति में महिलाएं इस टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर तुरंत सहायता और सुरक्षा प्राप्त कर सकती हैं।
इस अवसर पर वार्ड 30 से मुकेश पार्षद, आंगनवाड़ी वर्कर मनोज कुमारी, सुशीला देवी, किरण देवी, आशा वर्कर सुषमा देवी, मीरा हैल्पर, गीता देवी, बिमला, उषा आदि उपस्थित रही।
यह भी देखें – नगर परिषद कार्यालय नारनौल, खंड कार्यालय नारनौल और सिहमा में लगे शिविर
