Narnaul: मोबाइल टावर से बैटरी चोरी का खुलासा, 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Narnaul: चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने थाना शहर महेंद्रगढ़ में दर्ज मोबाइल टावर से बैटरी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश निवासी ऊंचा थाना खोल, रेवाड़ी, राहुल निवासी ऊंचा थाना खोल, रेवाड़ी, संजय निवासी ढाणा जाखल थाना खोल, रेवाड़ी, इन्द्रजीत निवासी मौहल्ला राता थाना अटेली तथा पंकज निवासी ढाणी जरावता थाना खोल, रेवाड़ी के रूप में हुई है।
मामले में 09 सितंबर 2026 को थाना शहर महेंद्रगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार सैनीपुरा स्थित मोबाइल टावर से दो बैटरियां चोरी हुई थीं। मामले की जांच के दौरान सीआईए महेंद्रगढ़ ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी, चोरीशुदा टावर की दो बैटरियां तथा केबल बरामद की गई हैं। आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना शहर महेंद्रगढ़ पुलिस के हवाले किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।
महेंद्रगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि चोरी अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना/चौकी या डायल-112 पर दें, ताकि पुलिस द्वारा समय पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
