Narnaul : मोहल्ला देवस्थान में गहराया पेयजल संकट, खाली बाल्टी लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा
Narnaul : मोहल्ला देवस्थान में गहराया पेयजल संकट, खाली बाल्टी लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा
Narnaul : नारनौल के मोहल्ला देवस्थान में पिछले 8-10 दिनों से पेयजल की सुचारू आपूर्ति न होने के कारण स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया है। हालात यह हैं कि मोहल्ले की गुरुद्वारा लाइन और बड़का कुआं लाइन में पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंच रही है, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने गंभीर पीने का पानी का संकट खड़ा हो गया है।
विकट होती इस समस्या से त्रस्त होकर शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने खाली बाल्टियां लेकर मोहल्ले में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन व जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
टंकी के पास पानी, दूरदराज की लाइनें सूखी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पानी की मुख्य टंकी के आसपास और निचले हिस्सों में तो हल्का-फुल्का पानी पहुंच रहा है, लेकिन टंकी से दूरी और तकनीकी खामियों के कारण गुरुद्वारा और बड़का कुआं लाइन पूरी तरह से सूखी पड़ी हैं।
पिछले कई दिनों से घरों के नल पूरी तरह सूखे होने के कारण महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के इलाकों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। गृहणियों का कहना है कि उन्हें अपने रोजमर्रा के घरेलू कामकाज छोड़कर पानी की एक-एक बूंद का इंतजाम करने के लिए भटकना पड़ रहा है।

कर्मचारियों के ढुलमुल रवैये से बढ़ रही परेशानी
प्रदर्शन कर रही महिलाओं—सुनीता देवी, मणि शर्मा, मधु कटारिया, संतोष देवी, विमला देवी, शीला महेश्वरी, रेखा देवी, धन्वंतरी देवी और मिन्नू देवी ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि जब भी पानी की सप्लाई से जुड़े कर्मचारियों से शिकायत की जाती है, तो वे हर बार मोटर खराब होने का घिसा-पिटा बहाना आगे कर देते हैं।
महिलाओं ने सवाल उठाया कि यदि विभाग नई मोटर लगवा भी देता है, तो कुछ ही दिनों में वह फिर खराब कैसे हो जाती है? बार-बार मोटर खराब होने की इस तकनीकी समस्या का कोई स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला जा रहा है? पिछले साल जिस मोटर से पूरे मोहल्ले में सुचारू पानी सप्लाई होती थी, उसकी तुलना में आज स्थिति बदतर हो चुकी है।
पार्षद और विभाग से स्थायी समाधान की पुरजोर मांग
उग्र प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने स्थानीय वार्ड पार्षद और संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द प्रभावित लाइनों में जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जनता ने मांग की है कि बार-बार की मोटर खराबी जैसी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए यहाँ स्थायी और पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
यह भी देखें – किन्नरों के दो गुटों में झड़प, फायरिंग के आरोप, पुलिस ने किया इंकार
