King cobra viral: इंटरनेट की आभासी दुनिया में कभी-कभी ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जिन्हें देखकर इंसान की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाए। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल है, जिसे कमजोर दिल वाले तो शायद पूरा देख भी न पाएं।
वीडियो में एक शख्स जंगल के बीच कैंपिंग का लुत्फ उठाता दिख रहा है, लेकिन उसकी टेबल पर कोई खाने-पीने का सामान नहीं, बल्कि साक्षात काल के रूप में एक विशालकाय किंग कोबरा फन फैलाए बैठा है। इस जहरीले जीव को इतने करीब देखकर जहां आम इंसान के पसीने छूट जाएं, वहीं यह शख्स बेहद सामान्य और शांत मुद्रा में नजर आ रहा है।
बोतल से मुंह में भरा पानी, फिर सांप के आगे खोल दिया हुनर
इसके बाद जो मंजर कैमरे में कैद हुआ, उसने सोशल मीडिया यूजर्स की धड़कनें बढ़ा दी हैं। शख्स ने पहले पानी की एक बोतल उठाई, पानी को अपने मुंह में भरा और फिर बिना किसी डर के किंग कोबरा के ठीक सामने अपना मुंह खोलकर बैठ गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि अमूमन इंसानों को देखते ही हमलावर हो जाने वाले किंग कोबरा ने कोई आक्रामकता नहीं दिखाई।
सांप धीरे से शख्स के चेहरे के करीब आया और उसके मुंह से गिरती पानी की बूंदों को बेहद आराम से पीने लगा। इस बेहद संवेदनशील और खतरनाक पल के दौरान भी शख्स के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी, बल्कि वह कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुरा रहा था।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, लोगों ने बताया ‘मौत का खेल’
इस अतरंगी और जानलेवा स्टंट के वीडियो को इंस्टाग्राम पर @junglesurvivor7 नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो सामने आते ही कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है।
जहां कुछ लोग शख्स के इस जिगरे को देखकर हैरान हैं और मजाकिया लहजे में लिख रहे हैं कि “यह पानी पिलाना है या सीधे सांप के साथ लिपलॉक करना।” वहीं, वन्यजीव प्रेमियों और समझदार यूजर्स ने इस पर गहरी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर थोड़े से व्यूज और लाइक्स बटोरने के लिए इस तरह के जानलेवा खेल को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
सांपों के जानकारों का भी मानना है कि किंग कोबरा एक बेहद संवेदनशील और खतरनाक रेप्टाइल है। उसे जैसे ही अपने आसपास किसी खतरे या हलचल का आभास होता है, वह पलक झपकते ही बाइट कर लेता है।
किंग कोबरा का न्यूरोटॉक्सिन जहर इतना घातक होता है कि कुछ ही मिनटों में इंसान का नर्वस सिस्टम ठप हो जाता है। ऐसे में ‘जग मार्ग’ अपने पाठकों से अपील करता है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऐसे किसी भी स्टंट या वीडियो को असली जिंदगी में दोहराने की भूल कतई न करें।

